

आष्टा। नगर के सांदीपनि शासकीय उमावि आष्टा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने आर.ओ. वाॅटर प्लांट और खेल सामग्री का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में विधायक के साथ वरिष्ठ पत्रकार सुशील संचेती भी उपस्थित हुए। कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के साथ दीप प्रज्जवलन कर हुई। सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य सितवत खान ने बताया कि विद्यालय के पानी का टी.डी.एस. बहुत अधिक होने के कारण पेयजल की समस्या थी। इस समस्या के निदान के लिए विद्यालय में

दो लाख रूपये की लागत से आर.ओ. वाॅटर प्लांट लगाया गया है जिसकी क्षमता 500 लीटर प्रतिघंटा शुद्ध जल प्रदान करने की है। विद्यालय में कुश्ती के लिए मेट भी विधायक द्वारा उपलब्ध करवाये गये हैं। विद्यार्थियों को अच्छी खेल सुविधाऐं उपलब्ध हो सके इसके लिए बास्केटबाल कोर्ट, हेण्ड बाॅल, फुटबाल गोल पोस्ट और बालीबाॅल एवं बेडमिंटन पोल भी लगाये गये हैं। इस खेल सामग्री की कीमत लगभग 3 लाख रूपये हैं। प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय में बहुत प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी है लेकिन मेट के अभाव में वो ठीक से अभ्यास नहीं कर पाते हैं।

प्राचार्य ने स्वागत भाषण में कहा कि सभी शिक्षकों के सहयोग से विद्यालय में बहुत अच्छा शैक्षिक वातावरण निर्मित किया जा रहा है, इसी का परिणाम है कि विद्यालय के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने एम.बी.बी.एस. में प्रवेश लिया है। प्राचार्य के अनुरोध पर विधायक ने सार्वजनिक रूप से घोषणा करी कि शीघ्र ही कबड्डी मेट विद्यालय में उपलब्ध करवा दी जाऐगी। विधायक ने उद्बोधन में कहा कि सरकार शिक्षा के प्रति बहुत गंभीर है और कई योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को लाभान्वित किया जा रहा है।

उन्होनें विद्यार्थियों का आव्हान किया कि वो मन लगाकर पढ़ाई करें और अपनी ऊर्जा को खेल एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों में लगाऐं, विद्यार्थियों को और अधिक सुविधाऐं उपलब्ध करवाई जावेंगी। वरिष्ठ पत्रकार सुशील संचेती ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता, योग एवं ध्यान सत्र, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, करियर काउंसलिंग आदि आयोजित किये जा रहे है। इस अवसर पर बीआरसीसी अजबसिंह राजपूत भी उपस्थित थे। विधायक ने 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत विषय पर बनाई गई ड्राइंग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता को सराहा।

विधायक ने भाषण, चित्रकला और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरूस्कार देकर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर परिवहन सुविधा अंतर्गत बसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत भाषण प्रतियोगिता में वरिष्ठ वर्ग में किरण वर्मा, अंजली ठाकुर, अंशिका मालवीय तथा कनिष्ठ वर्ग में अनुज मेवाड़ा, प्रतिज्ञा, गीता प्रजापति ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया इसी प्रकार चित्रकला प्रतियोगिता में वरिष्ठ वर्ग में महक वर्मा, सुजीत घनघोर, खुशबू राजपूत तथा कनिष्ठ वर्ग में फाजिल मंसूरी, आरूषि ठाकुर, अंशिका मालवीय ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन सभी को विधायक द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।

इसी प्रकार राज्य स्तरीय वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर विद्यालय की छात्रा माही कंडारे, राज्य स्तरीय कुश्ती में सिल्वर पदक विजेता सार्थक ठाकुर तथा संभाग स्तरीय एथलेटिक्स कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर शिवानी ठाकुर, किरण वर्मा, अमित आर्य, वेदांत कुशवाह को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम अधिकारी सतीश वर्मा ने कहा कि एन.एस.एस. केवल सेवा का माध्यम नहीं है बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने एवं निभाने का एक सशक्त माध्यम है।

कार्यक्रम में स्वयंसेवकों के माध्यम से शिक्षा से सपनों की उड़ान नामक नाटिका का मंचन कर शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन भूपेन्द्रसिंह और सतीश वर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अन्तेश धारवां, असमा खानम, सम्राट ढोके, जितेन्द्र मेवाड़े, डी.एस. मांडवा, तुलसीराम सरखण्डे, तनिष्क चन्द्रवंशी, पदमा परमार, पवन राया, नवीन मोर्य, मनोज करमोदिया, डाॅ. तेजपाल सिंह, अभिलाषा श्रीवादी, वीरेन्द्रसिंह, डाॅ. स्मिता नायर, हरिनारायण सिंह, निर्मलदास बैरागी, धीरज शर्मा, राजीव सारसिया, श्वेता पाण्डे, दीपक सेन, गजराजसिंह ठाकुर, संजय जैन आदि का विशेष सहयोग रहा।