नपा की परिषद बैठक में नगर विकास के 31 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर लगी मुहर

आष्टा। नगरपालिका परिषद का साधारण सम्मेलन बैठक नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा की अध्यक्षता में नपा के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में नगर के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न निर्माण कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर बिंदुवार विचार-विमर्श कर निर्णय लिए गए। मुख्य रूप से नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सौंदर्यीकरण से संबंधित कई प्रस्तावों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में मुख्य रूप से शहर के कायाकल्प, सड़कों के चौड़ीकरण, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

सड़क, नाला निर्माण एवं चौड़ीकरण – मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत भोपाल नाका से कन्नौद रोड में नगर सीमा तक सड़क एवं नाला चौड़ीकरण के कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके अलावा इंदौर नाका से भोपाल नाका तक नाला निर्माण कार्य की न्यूनतम दरों को स्वीकृति दी गई।भव्य गीता भवन का निर्माण – नगरीय क्षेत्र अंतर्गत आम नागरिकों की सुविधा के लिए एक सर्वसुविधा युक्त गीता भवन बनाए जाने के प्रकरण पर विचार कर सहमति बनी। वहीं फिल्टर प्लांट से लेकर भोपाल नाका अस्पताल तक की पुरानी जर्जर पाइप लाइन को बदलने तथा राइजिंग मेन,

फीडर मेन व डिस्ट्रीब्यूशन लाइन आदि के प्रतिस्थापन के संबंध में ठोस निर्णय लिया गया। इसी प्रकार बस स्टैंड परिसर में जर्जर यात्री प्रतीक्षालय सह दुकान का पुनः निर्माण करने, नए बस स्टैंड में कांक्रीट कार्य और वार्ड क्रमांक 14 कन्नौद रोड स्थित वाचनालय के पास सर्वसुविधाजनक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य की न्यूनतम दरों को अनुमोदित किया गया। स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन – नगर को साफ-सुथरा रखने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण तथा ट्रेंचिंग ग्राउंड पर एमआरएफ सेंटर तक कचरा परिवहन हेतु निविदा आमंत्रण के माध्यम से नई एजेंसी के चयन पर चर्चा हुई।

नगर के प्रमुख महाराणा प्रताप चौक के भव्य विकास और सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर परिषद में सहमति बनी। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 11 में पशु चिकित्सालय के पीछे मीट मार्केट को सुव्यवस्थित रूप से स्थापित करने पर भी विचार किया गया। पार्वती एवं पपनास नदी सौंदर्यीकरण – नमामि गंगे योजना अंतर्गत पार्वती नदी सौंदर्यीकरण योजना तथा पार्वती व पपनास नदी के पवित्र संगम स्थल पर घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य की पुनरीक्षित तकनीकी स्वीकृति पर विचार किया गया। इसके साथ ही पार्वती नदी के अप-स्ट्रीम और डाउन-स्ट्रीम कार्यों की न्यूनतम दर स्वीकृति एवं

स्थल आवश्यकतानुसार कार्य योजना को लेकर भी चर्चा हुई। वहीं पपनास नदी से भोपाल नाका तक सीसी रोड निर्माण, किलेरामा से भोपाल नाका तक आरसीसी नाला निर्माण कार्य की पुनरीक्षित तकनीकी स्वीकृति तथा इन्दौर नाका से भोपाल नाका तक नाला निर्माण कार्य में प्राप्त न्यूनतम दर स्वीकृति के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।स्वच्छता एवं पर्यावरण सुधार – एचपीआई घटक के लक्ष्यों की पूर्ति हेतु भू-आवंटन तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत निकाय अंतर्गत कचरा प्रबंधन की प्रभावी कार्यवाही पर निर्णय लिया गया। साथ ही विभिन्न वार्डों में खाली पड़े निजी एवं शासकीय प्लॉटों में जमा गंदगी व

कचरा प्रबंधन पर सख्ती से कार्यवाही करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्राप्त हुई। वार्ड क्रमांक 15 इंदिरा कॉलोनी मुख्य रोड़ पर सुसज्जित वाटिका को सभी परिषद सदस्यों ने प्रेमनारायण वाटिका के नाम से नामांकित करने पर सहमति जताई।शहरी विकास व अन्य निर्माण – रेस्ट हाउस के पास एक सर्वसुविधाजनक कॉम्प्लेक्स निर्माण की पुनरीक्षित तकनीकी स्वीकृति, विभिन्न वार्डों में क्षतिग्रस्त व नवीन रोड तथा नाली निर्माण कार्यों पर सहमति बनी। बैठक के प्रारंभ में नवनियुक्त एल्डरमेन डॉ. चंदा वोहरा, शिवलाल प्रजापति, अवनीश पिपलोदिया, राजीव मालवीय,

तोषनारायण भूतिया, श्रीमती अलखनंदा सोनी का पुष्पमाला पहनाकर नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा ने स्वागत कर बधाई दी। परिषद की इस महत्वपूर्ण बैठक में नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, नपाउपाध्यक्ष श्रीमती सिद्दीका भूरू खां, सीएमओ विनोदकुमार प्रजापति, पार्षदगण डॉ. सलीम खान, कमलेश जैन, डॉ. राजकुमार मालवीय, राशिदा हुसैन, मेहमूद अंसारी, आरती सुभाष नामदेव, नूरजहां अतीक कुरैशी, तस्कीन बी शेख रईस, जाहिद गुड्डू, अनिता कालू भट्ट, तारा कटारिया, तेजसिंह राठौर, रवि शर्मा, लता तेजपाल मुकाती सहित नपा के अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top