
एसडीएम की उपस्थिति में हुई अधिकारियों एवं बीमा कंपनी के प्रतिनिधि से चर्चा, एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन
आष्टा। भारतीय किसान संघ तहसील आष्टा द्वारा आज आष्टा तहसील के विभिन्न बीमा से वंचित गांवों के किसानों की समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी आष्टा को ज्ञापन सौंपा गया। किसानों की मांग थी कि जिन पात्र किसानों और गांवों को फसल बीमा राशि से वंचित रखा गया है, उन्हें शीघ्र बीमा राशि का लाभ दिलाया जाए।

कार्यक्रम की पूर्व सूचना अनुविभागीय अधिकारी महोदय को दी गई थी। निर्धारित समय पर एसडीएम महोदय के उपस्थित नहीं होने पर तहसीलदार महोदय द्वारा ज्ञापन लेने का प्रयास किया गया, लेकिन भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों एवं किसानों ने स्पष्ट कहा कि इस विषय में पूर्व में भी अनुविभागीय अधिकारी महोदय से चर्चा हो चुकी है तथा वे ही इस मामले के जिम्मेदार अधिकारी हैं। इसलिए किसान उन्हीं की उपस्थिति में अपनी बात रखना चाहते हैं और समस्या के संबंध में जवाबदारीपूर्ण उत्तर प्राप्त करना चाहते हैं।

इसके बाद किसान लंबे समय तक आष्टा तहसील परिसर में बैठे रहे। किसानों की दृढ़ता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी महोदय तहसील परिसर पहुंचे। इसके पश्चात भारतीय किसान संघ द्वारा उन्हें ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन तहसील अध्यक्ष द्वारा किया गया।
ज्ञापन के बाद अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, कृषि विभाग के अधिकारी एवं बीमा कंपनी के अधिकारी के साथ किसानों और भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों की विस्तृत चर्चा हुई। चर्चा के दौरान किसानों ने बीमा से वंचित गांवों एवं पात्र किसानों की समस्या को प्रमुखता से रखा और शीघ्र बीमा राशि दिलाने की मांग की।

अधिकारियों एवं बीमा कंपनी के प्रतिनिधि ने किसानों को आश्वासन दिया कि जो किसान पात्र हैं तथा जिन गांवों का बीमा किसी कारणवश छूट गया है, उनके मामले में प्रशासन एवं संबंधित विभाग प्रयासरत हैं। उन्होंने आगामी एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
भारतीय किसान संघ ने स्पष्ट कहा कि फसल बीमा किसान का अधिकार है और पात्र किसानों को उनके अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। यदि निर्धारित समय में बीमा से वंचित किसानों की समस्या का उचित समाधान नहीं किया गया तथा पात्र किसानों को बीमा राशि नहीं मिली, तो भारतीय किसान संघ आंदोलन को और व्यापक रूप देगा।

संघ ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर तहसील मुख्यालय, जिला मुख्यालय से लेकर प्रदेश स्तर तक आंदोलन किया जाएगा। इसके साथ ही बीमा कंपनी के कार्यालय का घेराव एवं भोपाल स्थित वल्लभ भवन तक आंदोलन करने से भी किसान संघ पीछे नहीं हटेगा।
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से मांग की कि किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए और बीमा से वंचित सभी पात्र किसानों को उनका हक दिलाया जाए ज्ञापन कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के विभिन्न पदाधिकारी पार्टी जैविक प्रमुख सुरज सिंह ठाकुर ,जिलाअध्यक्ष राकेश वर्मा तहसील अध्यक्ष जितेंद्र जिला कार्यकारिणी सदस्य मोतीलाल जी

मंडलोई जिला कोषाध्यक्ष ज्ञान सिंह जी वर्मा ज्ञान सिंह मेवाडा ईश्वरलाल जार गजराज सिंह जी ठाकुर तहसील कार्यकारिणी से ज्ञान सिंह डाबड़ी शिवनारायण जी तहसील उपाध्यक्ष विनोद जी आर्य मांगीलाल जी मल विजेंद्र सिंह भगत ठाकुर एवं विभिन्न गांव से आए किसान बंधु और भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे
“बीमा किसान का अधिकार है, हक मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।”
भारतीय किसान संघ
आष्टा जिला सीहोर

