

आष्टा। नगर में विकास की नई इबारत लिख रही भाजपा की नगर सरकार दलगत राजनीति और भेदभाव से ऊपर उठकर कार्य कर रही है। नपाध्यक्ष हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा के नेतृत्व में शहर के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए सर्वधर्म समभाव की नीति अपनाई जा रही है। जहां एक ओर मंदिरों के कायाकल्प पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में भी मूलभूत समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

मेवाड़ा ने चौपाल लगाकर सुनीं समस्याएं – वार्ड क्रमांक 6 लंगापुरा के निवासियों ने नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा को क्षेत्र के प्राचीन श्री राधा-कृष्ण मंदिर की जर्जर हालत से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री मेवाड़ा तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और वर्षों पुराने मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के पश्चात मंदिर परिसर में ही एक जन-चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय रहवासियों ने मंदिर की मरम्मत के साथ-साथ वार्ड की अन्य समस्याओं को साझा किया।

श्री मेवाड़ा ने सभी बातों को गंभीरता से सुना और मौके से ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु निर्देशित किया।रेतीघाट और ताजपुरा में बुनियादी सुविधाओं पर जोर – विकास की यह बयार केवल लंगापुरा तक सीमित नहीं रही। श्री मेवाड़ा ने रेतीघाट रोड का भी दौरा किया, जहां मुस्लिम धर्मावलंबियों ने उन्हें सड़क, नाली, पाइपलाइन और विद्युत पोल जैसी आवश्यक समस्याओं से रूबरू कराया। रहवासियों की समस्याओं को सुनने के बाद नपाध्यक्ष प्रतिनिधि ने तत्काल दूरभाष पर संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा की और काम शुरू करने के निर्देश दिए। ताजपुरा में जल संकट का समाधान –

ताजपुरा रोड के रहवासियों ने पानी की किल्लत और प्रकाश व्यवस्था की मांग रखी। इस पर संज्ञान लेते हुए श्री मेवाड़ा ने वहां नया नलकूप खनन करवाने तथा पेयजल संग्रहण के लिए सीमेंट-कांक्रीट की व्यवस्थित टंकी का शीघ्र निर्माण कराने का आश्वासन दिया।विकास ही हमारा एकमात्र लक्ष्य – इस अवसर पर रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि नगर सरकार का उद्देश्य हर वर्ग और हर क्षेत्र का समान विकास करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे धार्मिक स्थलों को संवारना हो या मोहल्लों की गलियां सुधारना, प्राथमिकता केवल जनसेवा है। इस अवसर पर वार्ड पार्षद मेहमूद अंसारी, पूर्व पार्षद शबाना अंसारी, राकेश बागवान, धर्मेन्द्र बागवान, पूरणसिंह मेवाड़ा सहित अन्य रहवासीगण मौजूद थे।
