3, 10, 17 एवं 25 अगस्त को भव्य कांवड यात्रा निकाली जाएगी, कांवड यात्रा के पहले ही शहर के सीवन नदी तट पर मेले जैसा वातावरण है

सीहोर। सीवन नदी के तट से लेकर कुबेरेश्वरधाम तक भगवान शंकर के जयकारें से वातावरण गूंजमान है। तट से कांवड लेकर श्रद्धालु भक्ति के साथ करीब 11 किलोमीटर तक पैदल ही चल रहे है। कई भक्त तो ऐसे है जो रेलवे स्टेशन से दंडवत करते हुए पहुंच रहे है। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य ने कांवड यात्रियों का धाम पर सम्मान और स्वागत किया।सावन माह के पावन अवसर पर कुबेरेश्वरधाम की ओर श्रद्धालुओं की आस्था निरंतर बढ़ती जा रही है। आगामी 3 अगस्त को निकाली जाने वाली भव्य कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही शहर के सीवन नदी तट पर मेले जैसा माहौल बन गया है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं तथा पूजा सामग्री, कांवड़ और धार्मिक वस्तुओं की दुकानों पर भी चहल-पहल बढ़ गई है। लगातार चार दिनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरी आस्था और उत्साह के साथ सीवन नदी के तट पर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा अर्चना करते हुए पैदल ही 11 किलोमीटर का भक्त का सफर शुरू करते है। इनके स्वागत के लिए अनेक स्थानों पर स्टाल लगाकर, फलहारी खिचडी, चाय, पेयजल और भोजन आदि की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए अनेक समाजसेवी और विठलेश सेवा समिति तैयारियां कर रही है।

पिछले चार-पांच दिनों से श्रद्धालु सीवन नदी से पवित्र जल लेकर लगभग 11 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए कुबेरेश्वरधाम पहुंच रहे हैं। बारिश और तेज धूप के बीच भी शिवभक्त पूरे उत्साह के साथ श्री शिवाय नमस्तुभ्यं और हर-हर महादेव के जयघोष करते हुए अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। पूरे मार्ग पर शिवभक्ति का वातावरण बना हुआ है।अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कांवड़ यात्रा को आस्था, विश्वास और समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा कि भगवान शिव तक पहुंचने का सबसे सरल मार्ग सच्ची श्रद्धा और निष्कपट भाव है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से कांवड़ यात्रा को सेवा, संयम और भक्ति के साथ संपन्न करने का आग्रह किया।विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि सावन माह में 3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 25 अगस्त को भव्य कांवड़ यात्राएं निकाली जाएंगी। इन आयोजनों में प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। तीन अगस्त को विठलेश सेवा समिति नगर ईकाई की भव्य कांवड यात्रा शाम को चार बजे शहर के सीवन नदी तट से निकाली जाएगी। 

प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा जिला जेल सीहोर का निरीक्षण कर बंदियों की समस्याएं सुनी

म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीहोर श्री संजीव कुमार अग्रवाल द्वारा दिनांक 30.07.2026 को जिला जेल सीहोर का मासिक निरीक्षण किया गया। साथ ही जेल परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में बंदियो के अधिकारों, विधिक सहायता, सलाह एवं तहसील न्यायालय से लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय तक विधिक सहायता की उपलब्धता तथा

प्राप्त करने की प्रक्रिया भी जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा प्रत्येक बैरक में जाकर जेल बंदियों से चर्चा कर विधिक सहायता से अधिवक्ता नियुक्ति, अपील प्रस्तुति. जमानत आवेदन प्रस्तुति, जमानत के बाद भी जेल में निरूद्ध बंदियों, सजा पूरी होने के बाद भी जेल में निरूद्ध बंदियों आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली गई। उक्त निरीक्षण के दौरान पाकशाला, जेल लीगल एड क्लीनिक, मुलाकाती लीगल एड हेल्प डेस्क, जेल डिस्पेंसरी, महिला सेल, बंदियों के बैरक, पानी एवं रोशनी की व्यवस्था, डॉक्टरों की उपलब्धता, बीमार बंदियों के उपचार सम्बंधी सुविधाओं,

दवाओं की उपलब्धता आदि का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बंदियों एवं महिला बंदियों के पोषण, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं तथा उनके प्रकरणों की प्रगति के सम्बंध में विस्तार से जानकारी ली गई। बंदियों की समस्याओं को सुना जाकर बंदियों के प्रकरणों के स्टेटस, जमानत आवेदन की स्थिति आदि के बारे में अधिवक्ताओं से जानकारी ली जाकर बंदियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये। निरीक्षण एवं कार्यक्रम मे जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारूक अहमद सिद्दीकी एवं जेल अधीक्षक सुश्री प्रतिभा पटेल, जेलर दिलीप नायक एवं बंदीगण उपस्थित रहें।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए जा रहे दूध एवं दुग्ध उत्पादों के नमूने

सीहोर, 30 जुलाई, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बाजार में विक्रय हो रहे दूध एवं दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी रखते हुए दुकानों, डेरियों एवं फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भैरूंदा स्थित साईं कृपा डेयरी से दही, मुरली ट्रेडर्स से पतंजलि शहद और नारियल कुकीज के नमूने लिए। इसके साथ ही आष्टा में सुधम मिल्क प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से मिक्स मिल्क, 

जावर के श्री राधा कृष्ण मिल्क प्वाइंट से पनीर, घी, न्यू सेंधव मिल्क सेंटर से मिक्स मिल्क के नमूने लिए गए। सीहोर स्थित न्यू सुपर डेयरी से मिक्स मिल्क और दही के नमूने तथा सरोज इंटरप्राइजेस से घी, पापड़, इडली और ढोकला इंस्टेंट पाउडर के नमूने लिए गए। इसी प्रकार नापलाखेड़ी चौराहा स्थित दरबार रेस्टोरेंट से गुलाब जामुन, भैरूंदा स्थित पवन किराना स्टोर से चाय, अचार एवं कैंडी तथा राठौर किराना स्टोर से नमकीन एवं साबूदाना के नमूने लिए गए। इसी प्रकार अमलहा पर एक दुग्ध वाहन को रोक कर मिक्स मिल्क और काउ मिल्क के नमूने लिए गए।

पचामा रोड स्थित सुधम मिल्क प्रोडक्ट्स से मिश्रित दूध, मावा और घी के नमूने लिए गए। संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए व्यवसाय संचालित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह कार्यवाही खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती एडलीन ई पन्ना, श्रीमती भावना ठाकुर, सुश्री दीपाली, श्री अखिलेश गंगवाल और श्रीमती ज्योति बंसल द्वारा की गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top