

आष्टा । आष्टा विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर के लगातार किये गये ठोस प्रयासों के बड़े परिणाम विकास कार्यो की स्वीकृति के रूप में लगातार प्राप्त हो रहे है । शिक्षा के क्षेत्र में मप्र शासन के राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल द्वारा विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर की मांग एवं भेजे गये प्रस्ताव पर आष्टा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रोलागांव एवं जस्सूपुरा के शा.प्राथमिक शाला भवन व ग्राम बोरखेड़ा,बरछापुरा,झिकडी मेवाती ग्राम के शा.माध्यमिक शाला भवन जो पूरी तरह से जीर्ण शीर्ण हो चुके थे अब इन पांचों विद्यालयों के भवनों को तोड़ कर उनके स्थान पर पांचों विद्यालयों के नये विद्यालय भवन का निर्माण होगा । नये विद्यालय भवनों के निर्माण हेतु शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले राज्य शिक्षा केन्द्र मप्र ने 02 करोड़ 39 लाख 52 हजार की राशि स्वीकृत की है ।

विधायक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया की समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत वर्ष 2026-2027 में,उक्त पांचों जीर्ण शीर्ण हो चुके विद्यालय भवन के स्थान पर नये विद्यालय भवन निर्माण की स्वीकृति आष्टा को मिली है । जब यह जानकारी उक्त पांचों ग्रामो के ग्रामीणजनों,पालकों,विद्यार्थियों को विधायक कार्यालय से दी गई तब सभी ने खुशी व्यक्त कर मप्र सरकार के मुख्यमंत्री,शिक्षा मंत्री एवं आष्टा के लोकप्रिय विधायक गोपालसिंह इंजीनियर का आभार व्यक्त किया । स्मरण रहे इसके पूर्व विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने क्षेत्र के कई मिडिल एवं हाईस्कूलों का उन्नयन करा कर क्षेत्र के विद्यार्थियों पालकों, ग्रामीणजनों को बड़ी सौगात दी है ।

‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ जन जागरूकता अभियान का भव्य समापन: जागरूकता दौड़ का हुआ आयोजन, पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने हरी झंडी दिखाई, सम्पूर्ण अभियान में 55 लाख से अधिक लोगों को किया जागरूक

सीहोर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिला पुलिस सीहोर द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे (15 जुलाई से 30 जुलाई तक)15 दिवसीय विशेष जन जागरूकता अभियान ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ का आज जागरूकता दौड़ के साथ समापन हुआ।

अभियान के समापन के अवसर पर जन जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया, जो भोपाल नाका आवासीय परिसर से शुरू होकर चर्च ग्राउंड पर समाप्त हुई। इस जागरूकता दौड़ में बच्चों से लेकर युवाओं तक, लगभग 250 प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक सीहोर सुश्री सोनाक्षी सक्सेना ने जागरूकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उत्साह बढ़ाते हुए वह स्वयं भी इस दौड़ में शामिल हुईं और आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक होने का संदेश दिया।जागरूकता दौड़ के चर्च ग्राउंड पहुँचने पर उपस्थित सभी नागरिकों, बच्चों और पुलिस अधिकारियों को ‘नशे से दूरी है जरूरी’ की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत, जागरूकता दौड़ में प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक सुश्री सोनाक्षी सक्सेना द्वारा प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई तक सीहोर पुलिस द्वारा 312 कार्यक्रम आयोजित किए जाकर 6,25,419 लोगों तक भौतिक रूप से पहुंचा जाकर जागरूक किया गया, इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से लगभग 48 लाख 77 हजार से अधिक लोगों तक नशे से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी गई, सम्पूर्ण अभियान में 55 लाख से अधिक लोगों को जागरूकता किया गया।

इस माह में 09 प्रकरणों में 10 व्यक्तियों को अवैध मादक पदार्थों के साथ पकड़ा जाकर उनके कब्जे से 10 किलो 26 ग्राम गांजा एवं एक मोटर सायकल जप्त करने में सफलता प्राप्त की गई ।इस समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीओपी सीहोर सुश्री पूजा शर्मा, रक्षित निरीक्षक सीहोर श्री उपेंद्र यादव, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रविन्द्र यादव एवं थाना प्रभारी मंडी निरीक्षक सुनील मेहर,यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक श्री ब्रजमोहन धाकड़, सूबेदार प्राची राजपूत ,

सूबेदार अजय भिरे, उपनिरीक्षक राहुल श्रीवास्तव, महिला सेल की टीम एवं अन्य पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त श्री महेश यादव उप संचालक सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण विभाग सीहोर, आवासीय स्कूल परिसर से श्री प्रभात मेवाड़ा श्री आनंद जी, अत्ताउल्लाह खान विशेष रूप से उपस्थित रहे।जिला पुलिस सीहोर ने आम जनता से अपील की है कि 15 दिनों का यह अभियान भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन नशे के खिलाफ हमारी यह कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

