

आष्टा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिन 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक मनाये जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज आष्टा के सिविल अस्पताल आष्टा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ आष्टा विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर ने शिविर कक्ष का फीता काट कर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा सीहोर से पहुंची जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक की टीम मौजूद रही।

सिविल अस्पताल पहुंचने पर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर का बीएमओ डॉ. अमित माथुर ने स्वागत किया। इसके बाद विधायक ने रक्तदान शिविर का शुभारंभ करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य विभाग एवं ब्लड बैंक की टीम से रक्त संग्रहण की प्रक्रिया और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
शिविर में रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने का आह्वान किया गया।

रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रक्त संग्रहित किया गया। सीहोर से आई ब्लड बैंक की टीम द्वारा रक्त संग्रहण एवं अन्य आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाएं संभाली गईं। इस अवसर पर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने का माध्यम है। दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी अथवा ऑपरेशन के दौरान जब किसी मरीज को तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है, तब रक्तदाता द्वारा किया गया रक्तदान अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होता है।

उन्होंने कहा कि समाज के स्वस्थ नागरिकों को समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा और जनकल्याण की गतिविधियों को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। रक्तदान जैसे सेवा कार्य समाज में मानवीय संवेदना, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष धारासिंह पटेल,युवा मोर्चे के जिला अध्यक्ष महेंद्रसिंह ठाकुर धाम, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाडा,भाजपा नगर

मंडल अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल चौरसिया,जावर भाजपा मंडल अध्यक्ष विजेन्द्रसिंह ठाकुर,डोडी भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह ठाकुर सहित भाजपा के सभी पदाधिकारी,पार्षद एवं कार्यकर्ता व स्वास्थ विभाग की पूरी टीम बीएमओ के नेतृत्व में उपस्थित रही। इसके अलावा सिविल अस्पताल एवं स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम तथा सीहोर से आई ब्लड बैंक टीम ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रक्तदान शिविर के दौरान रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने की इस मुहिम में अपना योगदान दिया।

आयोजन के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश भी दिया गया कि नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिए एक महत्वपूर्ण मानवीय जिम्मेदारी है। आज रक्तदान शिविर में लगभग 45 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया । शिविर में आये सभी रक्तदाताओं के लिये ज्यूस,फल,विस्कीट आदि की व्यवस्थाए की गई।

