

सीहोर, 18 मई 2026
मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी और अनूठी योजनाओं में से एक है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक और धूमधाम से कराया जा रहा है। योजना के अंतर्गत जहां एक ओर सामूहिक विवाह समारोह के माध्यम से बेटियों का नया जीवन शुरू होता है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को काफी राहत मिल रही है और माता-पिता बेटी के विवाह की चिंता से मुक्त हो रहे हैं।

सीहोर में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के सामूहिक विवाह सम्मेलन में सीहोर जिले के ग्राम बोरखेड़ा की बेटी श्रद्धा भी परिणय सूत्र में बंधीं। श्रद्धा बताती हैं कि यह योजना उनके जैसी कई बेटियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि इस योजना के कारण उनका विवाह सम्मानपूर्वक और खुशियों के माहौल में सम्पन्न हुआ। सरकार द्वारा दी जा रही आर्थिक सहायता से उन्हें अपने नए गृहस्थ जीवन की शुरुआत करने में भी मदद मिलेगी।

बेटी श्रद्धा ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना ने गरीब परिवारों की बेटियों को सम्मान के साथ नया जीवन शुरू करने का अवसर दिया है। यह योजना न केवल बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बना रही है बल्कि समाज में उनके सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

