

कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कृषि, खाद्य, औषधि प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों और किसानों को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा सभी व्यवस्थाएं समय पर और सुचारू रूप से संचालित की जाएं। नौखाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को राशन का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी हितग्राहियों की केवाईसी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए।

उन्होंने कहा कि राशन का उठाव और वितरण निर्धारित समय पर होना चाहिए, ताकि किसी भी पात्र परिवार को खाद्यान्न प्राप्त करने में कठिनाई न आए। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिले में डीजल, पेट्रोल एवं एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण करें और आपूर्ति व्यवस्था पर सतत निगरानी रखें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक डीजल की उपलब्धता में किसी प्रकार की बाधा न आए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने डीएपी, एनपीके सहित उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेती के सीजन में किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े।

साथ ही उर्वरकों की कालाबाजारी पर सख्त नजर रखने और संबंधितों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को ई-विकास पोर्टल से जनरेट टोकन के आधार पर पात्रतानुसार एवं नियमानुसार ही उर्वरकों का वितरण किया जाए। खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि मिलावट के विरुद्ध की गई कार्रवाइयों में लगाए गए जुर्माने की वसूली समय पर सुनिश्चित की जाए तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने खाद्य प्रतिष्ठानों और दुकानों का नियमित निरीक्षण कर मिलावटखोरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए।

औषधि प्रशासन विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि जिले में दवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्धता पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर्स और औषधि प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा अमानक, नकली अथवा एक्सपायरी दवाओं के विक्रय पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण औषधियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना, किसानों को समय पर खाद एवं ईंधन उपलब्ध कराना तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को प्रभावी बनाए रखना प्रशासन का दायित्व है। इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं और व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में कृषि उप संचालक श्री अशोक कुमार उपाध्याय, जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती रेशमा भामोर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
