

आष्टा- स्वतंत्यता दिवस के पावन अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आष्टा स्थित मार्टिनेट कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल (Martinet Convent Higher Secondary School, Ashta) द्वारा आगामी 12 अगस्त 2026 को एक विशाल एवं भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। इस तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नगरवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रज्वलित करना तथा देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश देना है।

यात्रा का समय एवं मार्ग:- विद्यालय प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह यात्रा 12 अगस्त को दोपहर 1:30 बजे विद्यालय परिसर से प्रारंभ होगी। इसके पश्चात यह यात्रा अलीपुर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों से गुजरते हुए पुनः मार्टिनेट स्कूल कैंपस पहुँचकर संपन्न होगी।

यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए स्कूली विद्यार्थी, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक “एक झंडा, एक देश, एक भावना, एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का बुलंद संदेश देंगे। इस अवसर पर देशभक्ति गीतों, गगनभेदी नारों और भारत माता की जयकारों से पूरा आष्टा शहर गुंजायमान रहेगा। विद्यालय परिवार ने समस्त नगरवासियों, अभिभावकों एवं युवाओं से इस राष्ट्रभक्ति की यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

*“तिरंगा हमारे देश की आन, बान, शान और स्वाभिमान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का आयोजन हमारे विद्यार्थियों और समाज में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता जगाने की एक विनम्र पहल है। आइए, हम सब मिलकर अपने हाथों में तिरंगा थामें और देश की एकता, अखंडता व गौरव को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लें। भारत माता की जय!”*
*— विनीत त्रिवेदी*
*(प्राचार्य, मार्टिनेट कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, आष्टा)*


