भीषण गर्मी में बेजुबानों का सहारा बनी नगरपालिका, नपाध्यक्ष हेमकुंवर मेवाड़ा के निर्देश पर नगर के प्रमुख चौराहों पर रखवाई गईं पानी की ठेलें

आष्टा। प्रदेश भर में सूर्यदेव के तीखे तेवरों ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच जहाँ इंसान अपने बचाव के पुख्ता इंतजाम कर रहे हैं, वहीं मूक पशु-पक्षियों के लिए पानी का संकट खड़ा हो गया है। इसी मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा ने एक सराहनीय पहल की है।

ज्ञात रहे कि नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा के निर्देश पर नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर मूक पशुओं और पशु-पक्षियों के लिए पानी की ठेले रखवाई गई हैं, ताकि तपती गर्मी में कोई भी बेजुबान प्यासा न रहे। इसी तारतम्य में नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा की महति उपस्थिति में कॉलोनी चौराहा, बसस्टैंड, भोपाल नाका यात्री प्रतिक्षालय, भीमपुरा रोड़ स्थित यात्री प्रतिक्षालय पर जल मंदिर की स्थापना की गई।

वहीं एक दर्जन सार्वजनिक स्थानों पर गौवंश के लिए पानी की ठेले भी रखवाई। इसके साथ ही पक्षियों के लिए पेड़ों पर सकोरे बांधने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने अधीनस्थ अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि नगर के उन क्षेत्रों को चिन्हित करें जहां पशुओं का जमावड़ा अधिक रहता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल पानी की ठेले रखवाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इनमें नियमित रूप से स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित करना नपा की प्राथमिकता होनी चाहिए।

नागरिकों से की अपील, सेवा भाव से आगे आएं नागरिक – नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने नगरवासियों से भी भावुक अपील करते हुए कहा इस भीषण गर्मी में बेजुबान पशु-पक्षी पानी की तलाश में भटकते रहते हैं। यह हमारा मानवीय कर्तव्य है कि हम उनके प्रति संवेदना रखें। नगरपालिका अपने स्तर पर प्रयास कर रही है, लेकिन यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर की छत या द्वार पर एक पात्र में पानी रखने का संकल्प ले, तो कोई भी जीव प्यासा नहीं मरेगा। नपा कार्यालय में आने वाले लोगों का भी रखा ध्यान – गर्मी के बढ़ते प्रकोप से हर कोई परेशान है, नगरपालिका में अपने छोटे-बड़े कार्यो के लिए कार्यालय में आने वाले नागरिकों को शुद्ध शीतल पेयजल प्राप्त हो सकें, इसके लिए नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा द्वारा वाटर कूलर स्थापित करवाया गया है।

आमजन ने की पहल की सराहना – नगरपालिका की इस त्वरित और संवेनशील कार्रवाई की शहरवासियों ने जमकर प्रशंसा की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बढ़ते पारे के कारण जलस्रोत सूख रहे हैं, ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर पानी की व्यवस्था होने से राहगीर नागरिकों के साथ-साथ आवारा पशुओं और गौवंश को बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर पार्षद रवि शर्मा, कुशलपाल लाला, जितेन्द्र बुदासा, मनीष सोनी, अरूण श्रीवास्तव, जगदीश वर्मा, संजय शर्मा, हरनाथसिंह मालवीय, अर्जुन घेंघट, बाबूलाल जाटव, सर्वेश भट्नागर, प्रियांक शर्मा, श्रवण मालवीय, जयदीप महेश्वरी, गौतम शर्मा, राकेश बागवान, दीपक मेवाड़ा आदि मौजूद थे।

Oplus_16908288

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top