

आष्टा। नगरपालिका द्वारा संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए एक विशेष जागरूकता और नियंत्रण अभियान की शुरुआत की गई है। आज वार्ड क्रमांक 15 स्थित अंजनी नगर क्षेत्र में नागरिकों को डेंगू, चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने के उद्देश्य से जलजमाव वाले स्थानों और रिक्त पड़े प्लॉटों पर ऑइल बॉल फेंकने का कार्य नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा की उपस्थिति में किया गया। स्वयं नपाध्यक्ष प्रतिनिधि ने संभाली कमान – मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोकने के लिए इस्तेमाल होने वाली

विशेष ऑइल बॉल जो लकड़ी के बुरादे को तेल में डुबोकर तैयार की जाती है, को अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने स्वयं अपने हाथों से विभिन्न जल स्रोतों और खाली प्लॉटों में भरे पानी में डाला। स्वास्थ्य विभाग और नगरपालिका की संयुक्त टीम लगातार क्षेत्र के जल स्रोतों में इन ऑइल बॉल्स को डाल रही है, ताकि मच्छरों का प्रजनन रोका जा सके।आमजन से की विशेष अपील – इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मेवाड़ा ने आम जनता से स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए एक विशेष फॉर्मूला साझा किया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक प्रत्येक सप्ताह

रविवार को सुबह 10 बजे केवल 10 मिनट का समय निकालें। इस दौरान अपने घरों के फ्रिज की ट्रे, कूलर, डस्टबिन, पानी की टंकियों के ढक्कन, बाथरूम में भरा पानी, चिड़ियों के पानी पीने के सकोरे और पौधों के गमलों आदि की अच्छी तरह सफाई करें। मच्छरों को भगाने के लिए शाम के समय घरों में नीम की पत्तियों या अन्य सुरक्षित माध्यमों से धुआं करें। इस मौसम में बच्चों को मच्छरों के काटने से बचाने के लिए हमेशा पूरी आस्तीन के कपड़े पहनाएं। इस अवसर पर पार्षद तेजसिंह राठौर, रवि शर्मा, पूरणसिंह मेवाड़ा, मनीष किल्लौदिया सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित थी।

आष्टा। नगरपालिका परिषद द्वारा शासन के निर्देशानुसार एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर नमस्ते अभियान का शुभारंभ नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति की अध्यक्षता में किया गया। यह अभियान पूरे प्रदेश में 14 जुलाई से नमस्ते सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य, सुरक्षा और सम्मान – कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य समाज के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ यानी हमारे सफाई कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

अब सेप्टिक टैंक की सफाई जैसे जोखिम भरे कार्यों में मानवीय दखल को कम कर मशीनीकरण और सुरक्षा मानकों को बढ़ावा दिया जाएगा। नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आष्टा को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में हमारे सफाई मित्रों की भूमिका सबसे अहम है। उनके स्वास्थ्य और सम्मान की रक्षा करना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है।इन श्रेणियों के कर्मियों को मिलेगा लाभ – मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा प्रारंभ किए गए नमस्ते अभियान के दायरे में केवल नियमित सफाई कर्मी ही नहीं, बल्कि जमीन स्तर पर सेप्टिक टैंक और सीवरेज सफाई से जुड़े कर्मी, कचरा बीनने वाले का कार्य करने वाले एवं नगरपालिका के समस्त सफाई मित्रों को शामिल किया गया है।

इस अभियान के तहत सफाई मित्रों को आधुनिक सुरक्षा उपकरण का वितरण किया गया, ताकि वे ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य जोखिम से सुरक्षित रह सकें। इसके साथ ही मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने बताया कि अभियान के तहत सभी चिन्हित सफाई मित्रों और उनके परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं जैसे आयुष्मान भारत, बीमा योजनाएं और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ से शत-प्रतिशत जोड़ा जाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री पार्षद तारा कटारिया, रवि शर्मा, कमलेश जैन, शेख रईस, राजकुमार अकेला, विनयकुमार, नंदिनी यादव सहित बड़ी संख्या में सफाई मित्र मौजूद रहे।




