

आष्टा। नगर पालिका आष्टा में विभिन्न पदों पर पदोन्नत हुए कर्मचारियों के सम्मान में तृप्ति रेस्टोरेंट आष्टा में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वाल्मीकि समाज अध्यक्ष रमेश भामा द्वारा किया गया। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।समारोह के दौरान नगर पालिका में पदोन्नति प्राप्त करने वाले कर्मचारियों विनोद सांगते, स्वच्छता उप निरीक्षक; विनोद घेंघट, सहायक ग्रेड-03; राजेश घेंघट, स्वच्छता पर्यवेक्षक; मनोज घेंघट, स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं

अर्जुन घेंघट, सहायक ग्रेड-03 का पुष्पमाला पहनाकर एवं सम्मान कर अभिनंदन किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि रायसिंह मेवाड़ा ने सभी पदोन्नत कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पदोन्नति कर्मचारी के कार्य एवं जिम्मेदारियों के प्रति विभाग द्वारा जताए गए विश्वास का प्रतीक है। नई जिम्मेदारी के साथ कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए नगरवासियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका की स्वच्छता व्यवस्था सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। कर्मचारियों के बेहतर कार्य से ही शहर की व्यवस्थाओं में सकारात्मक बदलाव आता है।सम्मान समारोह के आयोजक एवं वाल्मीकि समाज अध्यक्ष रमेश भामा ने पदोन्नत हुए सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह समाज एवं कर्मचारियों के लिए खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि

कर्मचारियों की मेहनत और सेवाभाव को सम्मान मिलना उत्साह बढ़ाने वाला है।कार्यक्रम में वाल्मीकि महापंचायत के प्रदेश मंत्री राजेश घेंघट, बनवारी लाल पवार, विजय घेंघट, पप्पू खरे, अखिलेश डुमने, जितेंद्र भामा, लखन डुमाने, गोलू घेंघट सहित समाज के अनेक सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी पदोन्नत कर्मचारियों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


