

थाना आष्टा एवं थाना पार्वती अंतर्गत दशहरा एवं नवदुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत आज दिनांक को पुलिस अधीक्षक महोदया श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्री प्रशांत चौबे द्वारा आष्टा कस्बा क्षेत्र का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान आस्था थाना एवं पार्वती दशहरा मैदान का निरीक्षण कर वहां आयोजित होने वाले दशहरा कार्यक्रम तथा आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं

अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का अवलोकन किया गया। विसर्जन स्थल पार्वती नदी का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा दशहरा कार्यक्रम एवं नवदुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा आमजन की सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश 1.दशहरा मैदान एवं आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। 2.दशहरा कार्यक्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं। 3.नवदुर्गा प्रतिमा विसर्जन के निर्धारित मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। 4.संवेदनशील स्थानों एवं प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाए। 5.आयोजकों एवं समिति सदस्यों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम एवं विसर्जन जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाएं। 6.असामाजिक तत्वों

पर सतत निगरानी रखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने हेतु .पुलिस बल को सतर्क रखा जाए। उक्त निरीक्षण के दौरान एसडीओपी आष्टा श्री दामोदर गुप्ता एवं थाना प्रभारी आष्टा एवं पार्वती सहित पुलिस बल उपस्थित रहा।पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई कि दशहरा एवं नवदुर्गा प्रतिमा विसर्जन का पर्व आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के साथ मनाएं तथा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

