

आष्टा (नि.प्र.) – नगर के प्रबुद्ध साहित्यकारों की संस्था साहित्य शिल्पी की सरस काव्य निशा संस्था के वरिष्ठ कवि दिलीप संचेती के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर कवि अतुल जैन सुराणा के संचालन में उनके शांतिनगर स्थित निवास ‘‘शुभ मंगल’’ पर आयोजित की गई। जिसमें उन्हें बधाई देते हुये सदस्य कवियो नें अपनी रचना का पाठ किया।
सर्वप्रथम सभी कविगणों नें मॉ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

आयोजक सबरंग कवि दिलीप संचेती नें अपनी रचना के माध्यम से मॉ शारदा का आव्हान करते हुये पूरी मानवता के लिये ज्ञान का वरदान मांगा। इसके पश्चात् आयोजक द्वारा पुष्पमाला के साथ सभी कवियो का स्वागत करते हुये उन्हें प्रतीक चिन्ह स्वरूप डायरी और कलम भेंट की गई तथा सभी कवियो नें अपने क्रम के अनुसार रचनापाठ प्रारंभ किया।
पहले कवि के रूप में संस्था के अध्यक्ष डॉ. कैलाश शर्मा नें अपनी बात कहते हुये कहा कि ‘‘कितनें दुखी हैं हम आज बतलायेगें, औरो से मत पूछना वे तो दगाबाज बतलायेगें।’’

अगले कवि के रूप में संजय जैन किला नें अपनी रचना पढ़ते हुये कहा कि ‘‘हसरतें इस समय क्यों सिर उठायें बैठी है, जिन्दगी तो मजे में है पर हमें सताये बैठी है।’’ उन्होनें सस्वर एक श्रृंगार गीत का पाठ करके बताया कि किस प्रकार बिना अश्लीलता के शुद्ध साहित्यिक रूप से भी श्रृंगार का वर्णन किया जा सकता है। अपने क्रम में संस्था के पेरोडीकार मूलचंद धारवां नें सर्दी के मौसम पर अपनी पैरोडी से सबको गुदगुदाया। ओज के सशक्त हस्ताक्षर कवि डॉ. प्रशांत जामलिया नें पिता विषय पर अपनी रचना के माध्यम से कहा कि ‘‘पिता के थके हुये कंधो पर भार मत देना, अपने पिता को कभी तिरस्कार मत देना।’’

संस्था के आशीर्वाददाता कवि ललित बनवट नें अपनी गहन विषयो की कविताओं के माध्यम से जीवन दर्शन को प्रस्तुत किया और वर्तमान के मुख्य विषय ए.आई. पर कविता पाठ करते हुये कहा कि ‘‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता का महल जड़ विहीन धरातल पर खड़ा है, प्राकृतिक प्रज्ञा के आलोक से बेवजह लोहा लेने को अड़ा है।’’ अपने क्रम में पुनः दिलीप संचेती नें अपने जन्मदिवस को ही विषय बनाते हुये कहा कि ‘‘लो बीत गया पचपन आ गया बचपन।’’तत्पश्चात् उन्हीं की सुपुत्री श्रीमती शीतल संचेती नें अपने पिता के लिये अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुये कहा कि ‘‘चमकते रहे पापा हमारे जैसे चंदा और तारे, खुशियों का मेला लगा रहे आती रहे बहारें।’’

इसके बाद आयोजन का संचालन कर रहे कवि अतुल जैन सुराणा नें अपनी प्रेरणा दायी रचना का पाठ किया जिसका विषय था ‘‘ऐ जिन्दगी तू जिन्दाबाद’’। अंतिम कवि के रूप में स्वनाम धन्य श्रीराम श्रीवादी नें सस्वर एक गजल और गीत पढ़कर आयोजन को गरिमा प्रदान की। उनकी गजल के बोल थे ‘‘दिलो में प्यार को बढ़ाने से, दुश्मनी जायेगी जमाने से।’’ अंत में आभार श्रीमती निर्मला जी संचेती द्वारा व्यक्त किया गया।
