

आष्टा। मां पार्वती धाम गौशाला में गुरुवार को स्वर्गीय श्रीमती वंदना गुप्ता की पुण्यतिथि श्रद्धा, सेवा और सनातन संस्कारों के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सिविल अस्पताल में बीएमओ पद पर पदस्थ रहे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रवीर गुप्ता ने अपनी पूज्य माताजी की स्मृति में गौमाताओं को गो-ग्रास खिलाया, विधि-विधान से गौपूजन एवं आरती की तथा मां पार्वती धाम गौशाला समिति की ओर से संचालित गौसेवा में सहयोग स्वरूप ₹1100 की राशि गौमाताओं के आहार हेतु समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती किरण दीदी को भेंट की।

मां पार्वती धाम गौशाला में वर्तमान में 100 से अधिक गौमाताओं की प्रतिदिन सेवा, उपचार, देखरेख एवं आहार की व्यवस्था समाज के दानदाताओं के सहयोग से निरंतर संचालित हो रही है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी जनों ने स्वर्गीय श्रीमती वंदना गुप्ता को श्रद्धापूर्वक नमन कर उनकी पुण्य स्मृति में गौसेवा का संकल्प लिया।डॉ. प्रवीर गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि माता-पिता का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन उनकी स्मृति में किए गए सेवा कार्य उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि प्रदान करते हैं। गौसेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और गौमाता की सेवा से समाज में करुणा, संस्कार एवं धर्म का भाव जागृत होता है। उन्होंने कहा कि परिवार के प्रत्येक शुभ अवसर एवं पुण्यतिथि पर गौसेवा जैसे कार्य किए जाएं, यही हमारी संस्कृति की पहचान है।मां पार्वती धाम गौशाला समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा (पूर्व पार्षद) ने अपने उद्बोधन में कहा कि

गौसेवा केवल धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। किसी प्रियजन की पुण्यतिथि पर गौमाताओं को गो-ग्रास खिलाना, उनके आहार की व्यवस्था में सहयोग देना और गौशाला के माध्यम से सेवा करना दिवंगत आत्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने डॉ. प्रवीर गुप्ता एवं समस्त गुप्ता परिवार का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायी कार्य समाज को सेवा, संस्कार और सनातन परंपरा से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने परिवार के जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर गौशाला पहुंचकर गौसेवा करने का आग्रह किया।कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय श्रीमती वंदना गुप्ता की पावन स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके पुण्यात्मा की शांति एवं सद्गति के लिए प्रार्थना की गई।

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले की गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान प्रसव पूर्व देखभाल के लिये प्रत्येक माह की 09 एवं 25 तारीख को जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर देखभाल एवं स्वास्थ्य सेवाओं का निशुल्क लाभ प्रदान किया जा रहा है, ताकि गर्भावस्था और प्रसव के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। अभियान के तहत 09 जुलाई को जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर 927 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें 387 गर्भवती महिलाएं हाई रिस्क पाई गईं।

सीएमएचओ श्री सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना हैं। इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को निशुल्क जाँच, दवाएं, एवं परामर्श दिया जा रहा है। अभियान के तहत उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं विशेष देखभाल की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत प्रसव के समय जटिल अवस्था में उच्च चिकित्सा केन्द्रो में रेफर किया जाता है। गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य जाँच के लिये निशुल्क पिक अप एवं ड्राप की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

आष्टा। नगर के सांदीपनि सी.एम. राइज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आष्टा में 09 जुलाई को राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली से पधारे विशेष प्रतिवेदक सुभाष चंद्र जी, जिला परियोजना समन्वयक आर.आर. उइके, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से अंकुर शर्मा, प्राचार्य सितवत खान एवं बीआरसीसी अब्ज सिंह राजपूत ने संस्था का निरीक्षण किया।

प्रार्थना सभा में उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सुभाष चंद्र जी ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने माता-पिता एवं शिक्षकों की आज्ञा का पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे ऐसी किसी भी घटना को अंजाम न दें जिससे उनके विद्यालय एवं माता-पिता का नाम धूमिल हो। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में हमेशा अनुशासन बनाए रखना चाहिए और पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।

प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जन्मदिन पर एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए और उसे जीवन भर सहेजना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया और कहा कि हम जिस स्थान पर निवास एवं पढ़ाई करते हैं, उसकी स्वच्छता का ध्यान स्वयं को रखना चाहिए। उन्होंने प्रार्थना सभा की विभिन्न गतिविधियों की सराहना की, योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आग्रह किया और विद्यार्थियों के अनुशासन की प्रशंसा की। प्राचार्य सितवत खान ने सभी पधारे अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि

यह विद्यालय मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा सांदीपनि विद्यालय है, जिसमें लगभग चार हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दिनांक 12-04-2026 को इस विद्यालय का लोकार्पण किया गया था। विद्यालय में दो गार्डन निर्माणाधीन हैं, जिनमें सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी एवं विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के वृक्षों का रोपण किया गया। इस अवसर पर संस्था के समस्त शिक्षक, विद्यार्थी एवं कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा।

