

आष्टा। जिले के कलेक्टर बालागुरु ने बुधवार को आष्टा प्रवास के दौरान सिविल अस्पताल एवं इंदौर रोड स्थित नवीन कृषि उपज मंडी का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों स्थानों पर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सबसे पहले कलेक्टर बालागुरु सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित माथुर ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं से अवगत कराया।

उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, प्रसूति कक्ष, आपातकालीन सेवाओं, जांच सुविधाओं तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण कराया। कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, दवाओं के स्टॉक तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके पश्चात कलेक्टर इंदौर रोड स्थित नवीन कृषि उपज मंडी पहुंचे।

यहां कृषि उपज मंडी के कार्यालय अधीक्षक अरविंद झवर ने मंडी परिसर की व्यवस्थाओं से अवगत कराते हुए बताया कि मंडी में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की स्थायी व्यवस्था के साथ-साथ दुकानों का निर्माण शीघ्र कराया जाना आवश्यक है। इस पर कलेक्टर ने मंडी परिसर में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा निर्मित एवं निर्माणाधीन भवनों, व्यापारिक सुविधाओं, किसानों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, सड़क, शेड, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति एवं

आगामी योजनाओं की भी समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने किसानों एवं व्यापारियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मंडी परिसर में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के अधिकारियों तथा पेयजल व्यवस्था के लिए नगर पालिका के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बालागुरु के साथ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महेंद्र प्रताप सिंह किरार, तहसीलदार राम पगारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कलेक्टर को विभिन्न व्यवस्थाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। कलेक्टर ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन, किसानों एवं व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
लगातार बारिश के मद्देनज़र बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट- एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह किरार एवं एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने ली ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक, सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

आष्टा। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महेंद्र प्रताप सिंह किरार एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस दामोदर गुप्ता ने बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा के लिए ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मानसून के दौरान संभावित आपदा से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली गई।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संवेदनशील एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं।संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देशबैठक में अधिकारियों को नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने, राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

प्रशासन ने नागरिकों से की सतर्कता बरतने की अपीलप्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से नदी, नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।बैठक में विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर आवश्यक सुझाव एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

