

सीहोर, 17 नवम्बर 2026 शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, सीहोर की छात्रा कु. गुंजन नागले ने राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त कर महाविद्यालय एवं सीहोर जिले को गौरवान्वित किया है। कु. गुंजन नागले ने भोपाल के एलएनसीटी (LNCT) में आयोजित आरजीपीवी स्टेट लेवल कराटे टूर्नामेंट 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

छात्रा की इस सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद शर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्राओं की ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं खेल विभाग ने भी छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रोजगार मेले में 203 युवक-युवतियों का चयन- 382 युवाओं ने कराया पंजीयन, स्वरोजगार के हितग्राहियों को मिले 25 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र

सीहोर, 17 नवम्बर 2026 सीहोर के डॉ. अंबेडकर शासकीय महिला आईटीआई सीहोर में रोजगार स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में 382 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया, जिसमें 203 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया। मेले में शामिल 11 कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए । मेले का उद्देश्य जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

स्वरोजगार के लिए 25 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित युवा संगम मेले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत दो हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। जिला उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, सीहोर द्वारा श्री दामोदर प्रसाद राठौर को आटा निर्माण इकाई तथा श्री राजन सिंह सिकरवार को कुरकुरे निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए कुल 25 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी कार्यक्रम के दौरान शासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों द्वारा युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल उन्नयन से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को इन योजनाओं का लाभ लेकर अपना भविष्य संवारने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया। रोजगार मेले में एलडीएम श्री जगदीप भट्टाचार्य, जीएम डीआईसी श्री अनुराग वर्मा, जिला रोजगार अधिकारी श्री कमलेश पटेल, प्राचार्य डॉ. अंबेडकर शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान श्री गब्बू परमार, श्री रामजी पटेल उपस्थित रहे।


