

आष्टा:- नगर के वार्ड क्रमांक 16 सेमिनरी रोड स्थित मॉडर्न पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी श्री सी.एल. पैठारी जी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात सम्पूर्ण विद्यालय परिसर राष्ट्रगान की गूंज से सराबोर हो उठा।

देशभक्ति के रंगों में रंगे नन्हें विद्यार्थी-स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर विद्यालय पहुँचे नन्हें-नन्हें विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। बच्चे विभिन्न महापुरुषों—जैसे महात्मा गांधी, भगत सिंह, पंडित जवाहरलाल नेहरू और फौजी वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए। कई बच्चों ने हाथों में तिरंगा, गालों पर तिरंगे के टैटू, और तिरंगा साफी पहनकर अपनी देशभक्ति का अनूठा परिचय दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समाँ- ध्वजारोहण के पश्चात् छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों पर थिरकते बच्चों ने पूरे विद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने जोरदार तालियों और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

गणमान्य अतिथियों एवं शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति- यह गरिमामयी समारोह संस्था के मार्गदर्शक श्री कुंवर लाल परमार, श्री शंकर लाल परमार, श्री भीम सिंह ठाकुर, समिति अध्यक्ष श्री अभिषेक परमार के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया जिसमें मुख्य रूप से प्राचार्य श्री शैलेंद्र सिंह ठाकुर, उपप्राचार्य विकास चौरसिया सहित बी.एल. मालवीय, रितेश जेलवाल, राजेश बड़ोदिया, रजत धारवां, निर्मला सारसिया, करिश्मा चोपड़ा, अंजलि चौरसिया, नीता सक्सेना, ईशा जैन, इतिका चौहान, पायल ठाकुर, कनक सेन, अंजलि गोस्वामी, पूजा परमार, रीना सरसिया, सोनम गुप्ता और रूपाली ठाकुर आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

“स्वतंत्रता का यह महापर्व हमारे वीर सपूतों के बलिदान और अमर गाथाओं का जीवंत प्रतीक है। मॉडर्न पब्लिक स्कूल के प्रांगण में नन्हें बच्चों के चेहरों पर देशभक्ति का यह रंग और उनका उत्साह यह विश्वास दिलाता है कि हमारे देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सब मिलकर एक सशक्त, शिक्षित और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण का संकल्प लें।” इसी के साथ सभी शिक्षकों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की।
