


आष्टा में प्रकृति, संस्कृति और उल्लास के पर्व ‘हरियाली तीज’ का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। स्थानीय आशीर्वाद पार्टी हॉल (माता मंदिर रोड, गांधी चौक) में आयोजित इस सांस्कृतिक समारोह में महिलाओं और बालिकाओं की भारी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की संयोजिका श्वेता श्रीवास्तव की देखरेख में आयोजित इस उत्सव ने परंपरा और आधुनिक उल्लास का एक अनूठा संगम प्रस्तुत किया।दिनांक 13 अगस्त 2026 (गुरुवार) को आष्टा के आशीर्वाद पार्टी हॉल में हरियाली तीज का पर्व अत्यंत धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया।

सुबह 11:00 बजे से दोपहर 04:00 बजे तक चले इस कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों में गजब का उत्साह देखने को मिला। समारोह का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायिका एवं एंकर ईशा अवलेशिया की सुरीली आवाज और शानदार मंच संचालन रहा। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार में समां बांध दिया, जिस पर उपस्थित लोग झूम उठे। कार्यक्रम के दौरान आयोजित रोमांचक नृत्य प्रतियोगिता, फन गेम्स और सरप्राइज गिफ्ट्स ने उत्सव के आनंद को और बढ़ा दिया।

प्रतियोगिता के विजेता और सम्मानित प्रतिभागी- कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं के नाम इस प्रकार हैं:- तीज क्वीन बनीं प्रियंका राठौर। सावन का झूला प्रतियोगिता में प्रथम प्राइस नीलू खत्री, सेकंड प्राइस प्रतिभा तिवारी ने हासिल किया तो वहीं नृत्य प्रतियोगिता (डांस) में भूमिका गौतमने प्रथम, तनु खत्री ने द्वितीय रीना सोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी के साथ गेम प्रतियोगिता में सपना जायसवाल (प्रथम), उमा गोस्वामी (द्वितीय), प्रतिभा तिवारी (तृतीय) स्थान पर रही।

इस आयोजन में महिलाओं के लिए आपसी मेल-मिलाप, सांस्कृतिक आनंद और परंपराओं को जीवंत करने का एक बेहतरीन मंच मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. मीना विनीत सिंगी और वरिष्ठ पत्रकार किरण रांका सहित क्षेत्र की गणमान्य महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की संयोजिका श्वेता श्रीवास्तव का उद्बोधन ने बताया कि “हरियाली तीज केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी प्रकृति, संस्कृति और अटूट रिश्तों का उत्सव है। आज की व्यस्त जीवनशैली में ऐसे सांस्कृतिक आयोजन महिलाओं को अपनी परंपराओं से जुड़ने और एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने का अनमोल अवसर प्रदान करते हैं। आष्टा की हमारी माताओं और बहनों ने जिस उत्साह के साथ इस आयोजन को सफल बनाया है, वह काबिले तारीफ है। कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाते हुए पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. मीना विनीत सिंगी ने इस शानदार आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

उन्होंने हमें बताया कि”आष्टा की धरती पर संस्कृति और भाईचारे का यह अद्भुत नजारा वाकई मन को प्रफुल्लित करने वाला है। हरियाली तीज हमारी प्राचीन संस्कृति की वह अमूल्य धरोहर है, जो नारी शक्ति को एक मंच पर लाकर उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारती है। संयोजिका श्वेता श्रीवास्तव और उनकी पूरी टीम ने जिस प्रकार इस भव्य आयोजन को सफलता के साथ मूर्त रूप दिया है, वह आष्टा के सामाजिक जीवन के लिए एक मिसाल है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मकता और आपसी सौहार्द और अधिक मजबूत होता है।”


