
मां पार्वती धाम गौशाला में श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ गोवर्धन पूजन एवं गौ माता की आरती- गौशाला समिति अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा ने विधि-विधान से किया गौ माता का पूजन, नगरवासियों ने गौ माताओं को खिलाई मिठाई, गुड़ एवं हरी सब्जियां

आष्टा। दीपावली पर्व के उपरांत गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर आष्टा नगर में भोपाल रोड स्थित मुक्तिधाम प्रांगण में संचालित प्राचीन मां पार्वती धाम गौशाला में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ गोवर्धन पूजन एवं गौ माता की पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मां पार्वती धाम गौशाला समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा पूर्व पार्षद ने विधि-विधान से गौ माताओं का पूजन-अर्चन कर आरती की तथा गौ माता से नगर एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।उल्लेखनीय है कि मां पार्वती धाम गौशाला में वर्तमान में 100 से अधिक गौ माताओं की प्रतिदिन देखरेख एवं सेवा की जा रही है।

नगर में बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं असहाय अवस्था में मिलने वाली गौ माताओं को गौशाला में लाकर पशु चिकित्सकों के माध्यम से उपचार भी कराया जाता है। गौशाला में गौ माताओं के लिए हरी चरी, हरी सब्जियां, पौष्टिक पशु आहार एवं शुद्ध पेयजल की नियमित व्यवस्था की जाती है। साथ ही स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण में गौ माताओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यह समस्त सेवा कार्य नगर के दानदाताओं एवं गौ प्रेमियों के सहयोग से निरंतर संचालित हो रहा है।गोवर्धन पूजन के अवसर पर गौ माताओं को शुद्ध जल से स्नान कराकर पुष्पमालाओं, रंग-रोगन एवं सुंदर घंटियों से सजाया गया।

गौशाला समिति अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा ने गौ माता की पूजा कर आरती उतारी। इस दौरान गौशाला के सेवक करण गोस्वामी, सीता गोस्वामी एवं मिश्रीलाल कुशवाहा को गौशाला समिति कोषाध्यक्ष संजय सुराणा द्वारा वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।सुबह से शाम तक नगर के अनेक गौ प्रेमी, धर्मप्रेमी नागरिक, माताएं एवं बहनें बड़ी संख्या में गौशाला पहुंचे। सभी ने श्रद्धापूर्वक गौ माताओं की पूजा-अर्चना एवं आरती की तथा अपने हाथों से विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, गुड़, सुदाना, पशु

आहार एवं हरी सब्जियां गौ माताओं को खिलाकर पुण्य लाभ प्राप्त किया और गौ माता का आशीर्वाद लिया।इस अवसर पर वरिष्ठ व्यवसायी मनोज कुशवाहा, परमार समाज अध्यक्ष मान सिंह परमार, समिति संगठन मंत्री रवि कामरिया, राजेश सोनी, वरिष्ठ समाजसेवी ओमप्रकाश सोनी एवं कामरिया परिवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने गौ माता की पूजा-अर्चना कर आरती की तथा गौशाला समिति को सहयोग राशि प्रदान कर गौसेवा के पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में श्रीमती पार्वती परसराम कुशवाहा, बबीता

संजय सुराणा,खुशी सुराना सहित अन्य श्रद्धालुजन भी उपस्थित रहे।गौशाला समिति अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा ने सभी गौ प्रेमियों एवं दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गौ माता की सेवा और संरक्षण हम सभी का नैतिक एवं धार्मिक दायित्व है। मां पार्वती धाम गौशाला में असहाय, बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गौ माताओं की सेवा का कार्य नगरवासियों के सहयोग से निरंतर जारी है। गौसेवा के इस पुनीत कार्य में सभी का सहयोग एवं सहभागिता ही गौशाला की सबसे बड़ी शक्ति है।


