

*आष्टा।* पुष्पा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आष्टा में शैक्षणिक सत्र *2026–27* के लिए *जूनियर छात्र मंत्रिमंडल गठन समारोह* का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सेवा-भाव की भावना का विकास करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यार्थियों ने भावपूर्ण *प्रार्थना एवं प्रार्थना गीत* प्रस्तुत कर समारोह को आध्यात्मिक एवं गरिमामय वातावरण प्रदान किया। इसके पश्चात *मुख्य अतिथि फादर एंथनी* एवं *विशिष्ट अतिथि फादर ग्रेशियस* का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

इसके उपरांत मुख्य अतिथि फादर एंथनी, विशिष्ट अतिथि फादर ग्रेशियस, विद्यालय के प्राचार्य फादर मेल्विन सी.जे., प्रबंधक फादर जूलियस कुल्लू, फादर पॉल राज, सिस्टर झांसी, सहायक हेड बॉय अमन जामरा तथा सहायक हेड गर्ल अनिका परमार के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया गया।

इसके बाद विद्यालय के नवनिर्वाचित जूनियर छात्र मंत्रिमंडल ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। तत्पश्चात पदग्रहण समारोह के अंतर्गत *हेड बॉय रेमन लेकरा, हेड गर्ल रिधिमा सेन, सहायक हेड बॉय अमन जामरा तथा सहायक हेड गर्ल अनिका परमार* सहित सभी नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर उनके पद एवं दायित्व सौंपे गए।

*शपथ ग्रहण समारोह* में *मुख्य अतिथि फादर एंथनी* ने सभी नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को सत्यनिष्ठा, अनुशासन, नेतृत्व एवं सेवा-भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। सभी चयनित विद्यार्थियों ने पूर्ण निष्ठा, आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ शपथ ग्रहण कर विद्यालय के आदर्शों एवं मूल्यों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।

शपथ ग्रहण के पश्चात विद्यार्थियों ने आकर्षक *सांस्कृतिक नृत्य* एवं प्रेरणादायी *प्रेरक गीत* प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर *शत-प्रतिशत उपस्थिति* दर्ज करने वाले विद्यार्थियों तथा विभिन्न *ओलंपियाड परीक्षाओं* में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में *मुख्य अतिथि फादर एंथनी* ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व, ईमानदारी एवं सेवा-भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक सच्चा नेता वही होता है, जो अपने आचरण एवं कार्यों से दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है। इसके पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा *मुख्य अतिथि फादर एंथनी* एवं *विशिष्ट अतिथि फादर ग्रेशियस* का शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में *हेड बॉय रेमन लेकरा* एवं *हेड गर्ल रिधिमा सेन* ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार प्रदर्शन किया।

समारोह के सफल आयोजन में विद्यालय की आयोजन समिति के सदस्य केविन जूड, नंद किशोर, हेमंत राठौर, वीणा सोनी, मार्गरेट मैरी, आयुष करोसिया एवं नेहा राठौर* का विशेष योगदान रहा। इन सभी सदस्यों के समन्वित प्रयासों, उत्कृष्ट योजना एवं कुशल व्यवस्थापन से कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अंत में सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय प्रतिज्ञा का वाचन किया तथा राष्ट्रगान के गायन के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ।

