
धार्मिक आयोजनों के कारण आष्टा कृषि उपज मंडी में लहसुन-प्याज की नीलामी 28 से 30 मई तक स्थगित रखने की मांग की गई है। उन्नतशील फल सब्जी मण्डी व्यापारी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेन्द्र कुशवाह ने सोमवार को मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख है कि 28 मई 2026 को बुद्ध पूर्णिमा है। एवं 28 व 29 मई को ईद का त्यौहार। वहीं मंडी प्रांगण में चल रही श्रीमद् भागवत कथा का समापन 30 मई को है। धार्मिक आस्था के चलते सभी व्यापारी कथा के समापन समारोह में शामिल होना चाहते हैं। एसोसिएशन ने मंडी प्रशासन से 28, 29 व 30 मई 2026 को लहसुन-प्याज मंडी में नीलामी कार्य बंद रखने का आग्रह किया है, ताकि व्यापारी आगामी त्यौहार एवं धार्मिक आयोजनों में भाग ले सकें।


आष्टा। आगामी वर्षा ऋतु के आगमन को देखते हुए स्थानीय नगरपालिका प्रशासन पूरी तरह सतर्क और एक्शन मोड में नजर आ रहा है। मानसून के दौरान शहरवासियों को जलभराव और गंदगी जैसी गंभीर समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर पालिका द्वारा वर्षा पूर्व नाला सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। सीएमओ के निर्देशन में स्वच्छता अमला सक्रिय – मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति के सीधे निर्देशन में नगरपालिका का पूरा स्वच्छता अमला इस समय जमीन पर उतरा हुआ है।

स्वच्छता विभाग द्वारा सबसे पहले नगर के सभी छोटे और बड़े नाला-नालियों को चिन्हित किया गया, जिसके बाद एक सुनियोजित कार्ययोजना तैयार कर सफाई कार्य को तीव्र गति दी जा रही है। जेसीबी का लिया जा रहा सहारा – सफाई व्यवस्था को लेकर जानकारी देते हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने बताया कि हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भारी बारिश के दौरान भी नगरवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नगर के सभी प्रमुख और संकरित नालों की सफाई कराई जा रही है।

जहां इंसानी श्रम से सफाई संभव नहीं है, वहां जेसीबी और अन्य आवश्यक संसाधनों के माध्यम से गाद और कचरा बाहर निकाला जा रहा है, ताकि पानी का बहाव सुचारू रूप से बना रहे।
जलभराव और बीमारियों से मिलेगी राहत – अक्सर देखा जाता है कि पहली ही बारिश में नालों की चोकिंग की वजह से सड़कों और निचले रिहायशी इलाकों में पानी भर जाता है, जिससे न सिर्फ आवागमन प्रभावित होता है बल्कि मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।

नगरपालिका द्वारा समय रहते की जा रही इस मुस्तैद कार्रवाई से इस बार नागरिकों को जलजमाव की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नालों और नालियों में पॉलीथिन या ठोस कचरा न फेंकें, ताकि सफाई अभियान पूरी तरह सफल हो सके। इस कार्य में स्वच्छता पर्यवेक्षक विनोद सांगते, राजेश घेंघट, अमरदीप सांगते, जितेन्द्र सिंगन, रितेश सांगते, किशोर डूमाने, पप्पू खरे आदि की सराहनीय भूमिका है।
