आष्टा में यातायात सुधार की दिशा में बड़ा निर्णय, बाजार क्षेत्र में चार पहिया वाहनों पर समयबद्ध प्रतिबंध

आष्टा। नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के उद्देश्य से आष्टा थाना प्रभारी श्री गिरीश दुबे के साथ नगर के प्रमुख जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण चर्चा की। इस बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, सकल हिंदू समाज अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा, संयोजक मुकेश नामदेव, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष नारायण भुरू मुकाती एवं राष्ट्रीय बजरंग दल प्रमुख दीपक राठौड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।

चर्चा के दौरान नगर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र बड़ा बाजार एवं बुधवारा मार्ग पर विवाह समारोहों के चलते बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अव्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि चार पहिया वाहनों के बाजार क्षेत्र में प्रवेश करने से आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।इस गंभीर समस्या को देखते हुए थाना प्रभारी श्री गिरीश दुबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए यातायात अधिकारी को निर्देश दिए कि सुबह 8:00 बजे से रात 9:00 बजे तक बड़ा बाजार एवं बुधवारा रोड पर चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए।

साथ ही, इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।श्री दुबे ने कहा कि इस निर्णय से बाजार क्षेत्र में यातायात सुचारू होगा, जाम की स्थिति से राहत मिलेगी तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्ती से निर्देशित किया कि व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।नगर के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि

यह कदम शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने में मील का पत्थर साबित होगा और आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।बैठक में शादी-विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में धोनी यंत्र के उपयोग को लेकर भी चर्चा की गई। सामाजिक प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि ध्वनि यंत्रों का उपयोग सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार ही किया जाए, ताकि ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस पर सभी ने सहमति व्यक्त करते हुए नियमों के पालन की अपील की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top