

आष्टा। मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत नगरपालिका द्वारा एक पात्र संबलधारक हितग्राही को 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। यह स्वीकृति पत्र नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा के निज कार्यालय में नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा द्वारा हितग्राही को सौंपा गए। मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन स्तर से प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात वार्ड क्रमांक 12 निवासी संबल कार्डधारक मृतक उमेश ताम्रकार की पत्नी श्रीमती निधी ताम्रकार का चयन इस योजना के तहत हुआ।

योजना के प्रावधानों के अनुसार मृतक के आश्रित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से 2 लाख रुपये की स्वीकृत सहायता राशि का प्रमाण पत्र आज विधिवत रूप से सौंपा गया है।संबल योजना गरीबों के लिए है वरदान – स्वीकृति पत्र सौंपने के अवसर पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा मध्य प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना गरीब और श्रमिक परिवारों के लिए एक वरदान साबित हो रही है। किसी भी परिवार के लिए अपने मुखिया या परिजन को खोना एक अपूरणीय क्षति होती है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती।

लेकिन ऐसी कठिन परिस्थितियों में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। यह 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता परिवार को कठिन समय में संबल प्रदान करेगी और उनके पुनर्वास में मददगार साबित होगी। नगर पालिका का सदैव यही प्रयास रहता है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र हितग्राही तक पारदर्शी और त्वरित रूप से पहुँचे। इस अवसर पर पार्षदप्रतिनिधिगण सुभाष नामदेव, शेख रईस, बाबूलाल जाटव, राजा ताम्रकार आदि मौजूद थे।


