

केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मां पार्वती नदी पर चलाया सफाई अभियान जनप्रतिनिधियों ने दिया जल स्रोतों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश। आष्टा। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, जनकल्याण एवं विकसित भारत के संकल्प को समर्पित केन्द्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक भव्य स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह विशेष अभियान जीवन दायिनी मां पार्वती नदी के नवनिर्मित तट पर स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित हुआ,

जिसमें जनप्रतिनिधियों और आम जनता ने मिलकर मानव श्रृंखला निर्मित कर तट पर श्रमदान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी एवं विधायक गोपालसिंह इंजीनियर उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल चौरसिया, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि सोनू गुणवान की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए

सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा और सुशासन के 12 वर्ष पूरे किए हैं। आज का यह स्वच्छता अभियान इसी सेवा भाव को समर्पित है। उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए आव्हान किया कि वे अपने आसपास के वातावरण, सार्वजनिक स्थलों और विशेषकर जल स्रोतों को साफ-सुथरा रखें। विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार का कोई एक अभियान या औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण का महा-जनआंदोलन है।

जब तक हर नागरिक इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित नहीं करेगा, तब तक पूर्ण स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता है।
जल स्रोतों और पर्यावरण का संरक्षण बेहद जरूरी – विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने मां पार्वती नदी के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के महत्व पर कहते हुए कहा कि नवनिर्मित घाट की सुंदरता और पवित्रता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पेड़-पौधे और हमारी नदियां ही जीवन का आधार हैं, इसलिए हमें पर्यावरण को बचाने के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे। सफाई अभियान में शामिल सभी जनों ने न सिर्फ घाट परिसर की सफाई की, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि घर की तरह समाज और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना भी उनका संकल्प है।

नागरिकों ने लिया स्वच्छता का संकल्प – कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने मां पार्वती के नवनिर्मित तट को हमेशा स्वच्छ रखने और भविष्य में भी इस प्रकार के पर्यावरण-हितैषी कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़ने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति, वरिष्ठ पत्रकार सुशील संचेती, उमेश शर्मा, पूर्व हिउस अध्यक्ष कालू भट्ट, पार्षद कमलेश जैन, तेजसिंह राठौर, नगर महामंत्री धनरूपमल जैन, मोहित सोनी, गुरूचरण परमार, भगवतसिंह मेवाड़ा, सुमित मेहता, उत्थान धारवां, सौरभ रूणवाल, कृष्णा शर्मा, बाबूलाल मालवीय, कमलेश विश्वकर्मा, मनोहरलाल श्रीवास्तव, कोमल जैन, राजेश घेंघट, गजेन्द्र मालवीय सहित नपा के अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद थे।


