महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता एवं सामाजिक अपराधों की रोकथाम हेतु एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

बुदनी, 18 जून 2026। सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र (CTC), उन्नति संकुल, जनपद पंचायत परिसर बुदनी में आज “महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता एवं सामाजिक अपराधों की रोकथाम हेतु पुलिस विभाग एवं महिला स्वयं सहायता समूहों के मध्य समन्वय” विषय पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें उन्नति, एकता एवं शक्ति संकुल स्तरीय महासंघ (CLF) की पदाधिकारीगण, लोक अधिकार केंद्र (LAK) समन्वयक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), पुलिस विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा सहयोगी संस्थाएं TRI एवं PRADAN के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित त्रिस्तरीय संस्थागत ढांचे, उसके उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं सामुदायिक सशक्तिकरण में उसकी भूमिका पर विस्तृत जानकारी साझा की गई। साथ ही लोक अधिकार केंद्र (LAK) के उद्देश्यों, कार्यक्षेत्र एवं समुदाय आधारित सहायता तंत्र के बारे में प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। पुलिस विभाग द्वारा अपनी संस्थागत कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं, विभिन्न जागरूकता अभियानों, समितियों के गठन तथा समुदाय के साथ समन्वय स्थापित करने की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

बैठक में लैंगिक समानता, महिला अनुकूल वातावरण निर्माण, घरेलू हिंसा की रोकथाम, महिला सुरक्षा एवं नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। ग्राम एवं क्लस्टर स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मानजनक भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु सामुदायिक एवं संस्थागत प्रयासों को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया। घरेलू हिंसा के मामलों में समयबद्ध सहायता एवं परामर्श (काउंसलिंग) व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा नशे के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए समन्वित कार्ययोजना विकसित करने पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रतिभागियों को डायल-112 सेवा, उसके उपयोग एवं आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की भी जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम में एसडीओपी बुदनी श्री रवि शर्मा, थाना प्रभारी रेहटी श्री राजेश खरे, थाना प्रभारी शाहगंज श्री दिनेश चौहान, श्री संदीप जाट (थाना बुदनी) सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रतिनिधियों एवं महिला प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। NRLM से श्रीमती भावना वर्मा एवं श्री रामअवतार चौहान उपस्थित रहे।

सहयोगी संस्था TRI से श्री अमेय आमटे, श्री मोनेश मेहरा एवं सुश्री शिप्रा तथा PRADAN से श्री योगेश पाण्डेय भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। बैठक में निम्न प्रमुख निर्णय लिए गए—1. महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता एवं सामाजिक अपराधों की रोकथाम हेतु पुलिस विभाग एवं स्वयं सहायता समूहों की संयुक्त सहभागिता से समन्वित जागरूकता अभियान संचालित किए जाएंगे।2. पुलिस विभाग की नियमित सहभागिता मासिक CLF बैठकों में सुनिश्चित की जाएगी, जिसे आगे ग्राम संगठन (VO) एवं

जेंडर प्वाइंट पर्सन स्तर तक विस्तारित किया जाएगा।3. ग्राम संगठनों (VO) की शांति समितियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता तथा सामाजिक अपराधों की रोकथाम के लिए समुदाय, स्वयं सहायता समूहों एवं पुलिस विभाग के मध्य संवाद, सहयोग एवं समन्वय को सुदृढ़ करना रहा। प्रतिभागियों ने इस प्रकार के समन्वयात्मक प्रयासों को ग्राम स्तर तक विस्तारित करने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top