

आष्टा। हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में जहां भारत विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं मध्य प्रदेश के दृढ़संकल्पित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से प्रदेश में चहूंमुखी विकास हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार केवल विकास कार्यों में ही आगे नहीं है, बल्कि वह जन्म से लेकर जीवन के अंतिम समय तक हर नागरिक के सुख-दुख में साथ खड़ी है। इस आशय के विचार नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा के मुख्य आतिथ्य में कम्युनिटी हाल परिसर में आयोजित

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने व्यक्त किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों का पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया। वहीं संक्षिप्त जानकारी देते हुए सीएमओ श्री प्रजापति ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत द्वितीय कार्ययोजना में 370 पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ प्रदान किया जा रहा है। आवासहीन परिवारों के सपनों को मिल रही उड़ान –

कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों हितग्राहियों को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र को चरितार्थ करते हुए भाजपा सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम छोर पर बैठे गरीब और वंचित तबकों को ऊपर उठाने का निरंतर कार्य कर रही है। श्री मेवाड़ा ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार भाजपा सरकार के राज में ही इतने बड़े पैमाने पर गरीब और आवासहीन परिवारों को अपने सपनों का पक्का घर देने का ऐतिहासिक काम पूरी पारदर्शिता के साथ हो रहा है।पात्र हितग्राहियों के खिले चेहरे, बांटे गए स्वीकृति पत्र –

समारोह के मुख्य अतिथि नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा, प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा सहित पार्षदों ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र सौंपे। स्वीकृति पत्र पाकर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। नपाध्यक्ष ने सभी हितग्राहियों को बधाई देते हुए आग्रह किया कि वे अपने आवास का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करें ताकि वे जल्द से जल्द अपने स्वयं के पक्के घर में प्रवेश कर सकें। एएचपी कार्ययोजना स्वीकृत – सीएमओ विनोदकुमार प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण में अभी तक

नगर के 2 हजार पात्र हितग्राहियों को योजना के तहत लाभान्वित किया जा चुका है। द्वितीय चरण में 919 पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर सभी के बैंक खातों में प्रथम किश्त के रूप में राशि अंतरित की जा चुकी है। नगर के ऐसे भूमिहीन एवं आवासहीन पात्र हितग्राही जिनके पास स्वयं की ना तो भूमि है और न ही आवास, ऐसे लोगों को लाभ दिलाने के लिए नगरपालिका द्वारा एएचपी कार्ययोजना स्वीकृत कराई जा चुकी है, जिसके तहत शासन स्तर पर भूमि आवंटन की प्रक्रिया प्रचलित है शीघ्र ही भूमि प्राप्त होने पर नगरपालिका द्वारा मकान का निर्माण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।

इस अवसर पर नपाउपाध्यक्ष प्रतिनिधि भूरू खां, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल चौरसिया, भाजपा जिला महामंत्री तारा कटारिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रूपेश राठौर, भाजपा जिला सहकार्यालय मंत्री उमेश शर्मा, पार्षद डॉ. सलीम खान, कमलेश जैन, डॉ. राजकुमार मालवीय, नवाब खां, अरशद अली, मेहमूद अंसारी, सुभाष नामदेव, शेख रईस, तेजसिंह राठौर, रवि शर्मा, लता तेजपाल मुकाती सहित बड़ी संख्या में पात्र हितग्राहीगण, नपा कर्मचारीगण मौजूद थे। आभार मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने व्यक्त किया तथा संचालन कुशलपाल लाला ने किया।


