दीपावली पर्व के दृष्टिगत श्यामपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही- मिलावटी होने के संदेह में भारी मात्रा में मावा एवं आयशर वाहन जप्त

​आगामी दीपावली त्यौहार के मद्देनजर जिले में नकली एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के अवैध परिवहन व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ प्रशांत चौबे एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री पी.एन. गोयल के मार्गदर्शन में थाना श्यामपुर पुलिस द्वारा नकली व मिलावटी मावे की एक बड़ी खेप पकड़ने में सफलता प्राप्त की गई है।

​घटना का विवरण थाना श्यामपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि गुना से भोपाल की ओर जा रहे एक आयशर वाहन में भारी मात्रा में संदिग्ध एवं मिलावटी मावा परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा चेकिंग पॉइंट लगाकर नाकाबंदी की गई तथा संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई।

​जप्ती एवं पूछताछ

​जप्त वाहन: आयशर ट्रक क्रमांक MP04YB6936।

​जप्त मशरूका: वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कच्चे मावे से भरी 107 बोरियां (प्रत्येक बोरी लगभग पचास किलोग्राम, कुल वजन 53 क्विंटल 50 किलोग्राम) बरामद हुईं।

​वाहन चालक: सत्यभान लोधी, पिता रामप्रकाश लोधी, आयु 27 वर्ष, निवासी ग्राम बलारपुरा, थाना अटेर (अटेल), जिला भिण्ड (म.प्र.)।

​वाहन क्लीनर: जसमत सिंह लोधी, पिता वीरेन्द्र सिंह लोधी, आयु 32 वर्ष, निवासी ग्राम प्रतापपुरा, थाना गोरमी, जिला भिण्ड (म.प्र.)।

​ प्रथम दृष्टया मावा नकली एवं मिलावटी होने के संदेह पर पुलिस द्वारा संपूर्ण मशरूका जप्त कर वरिष्ठ अधिकारियों एवं खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित किया गया ।

​वैधानिक कार्यवाही

सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी जिला सीहोर श्रीमती दीपाली कांगले द्वारा थाना श्यामपुर पहुंचकर जप्तशुदा मावे की बोरियों से विधिवत सैंपल लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। अग्रिम कार्यवाही हेतु शेष मावा मय वाहन के खाद्य सुरक्षा विभाग सीहोर के सुपुर्द किया गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

​सराहनीय भूमिका

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी श्यामपुर निरीक्षक स्वरूप सिंह रावत, प्रधान आरक्षक 670 हिम्मत सिंह, आरक्षक 456 राजेश जाटव, आरक्षक 726 देवेन्द्र सिंह, आरक्षक 409 ओमप्रकाश वर्मा, आरक्षक 866 लोकेन्द्र दांगी, आरक्षक 132 राकेश यादव, सैनिक 359 विनोद यादव, सैनिक 396 राजकुमार यादव एवं अन्य थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top