

आष्टा। वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव परिणामों ने भारतीय राजनीति में एक नया अध्याय लिख दिया है। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय और शानदार प्रदर्शन की खबर जैसे ही नगर में पहुँची, स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई। इस बड़ी जीत का जश्न मनाने के लिए आज नगर के प्रमुख कॉलोनी चौराहा पर बड़ी संख्या में भाजपाई एकत्रित हुए।ऐतिहासिक जीत पर आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण – कॉलोनी चौराहा पर जीत का जश्न किसी उत्सव से कम नहीं था।

कार्यकर्ताओं ने ढोल-धमाकों के बीच जमकर आतिशबाजी की और भारत माता की जय व नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान कर दिया। वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और इस सफलता को प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम की जीत बताया।मतदाताओं ने विकासवाद को चुना – विजयश्री प्राप्त होने पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जीत यह दर्शाती है कि जनता ने तुष्टिकरण की राजनीति को नकार कर विकासवाद को चुना है।

असम की जीत पूर्वाेत्तर में पार्टी की जड़ों के और मजबूत होने का प्रमाण है। यह जीत राष्ट्रवाद और अंत्योदय की जीत है। पश्चिम बंगाल में मिली सफलता ने सिद्ध कर दिया है कि जनता का विश्वास अब केवल भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर है। इस अवसर पर पूर्व मार्केटिंग अध्यक्ष कृपालसिंह पटाड़ा, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल चौरसिया, भाजपा जिला महामंत्री तारा कटारिया, नगर महामंत्री मोहित सोनी, नीलेश खंडेलवाल, पार्षद रवि शर्मा, डॉ. सलीम खान, कमलेश जैन, युमो अध्यक्ष मनीष धारवां, सुमित मेहता, बसंत पाठक, कृष्णा शर्मा सहित नागरिकगण मौजूद थे।


