
आष्टा । मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आज देश के गांवों के विकास का आधार बन गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य किया है। सड़क संपर्क बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। आज गांवों तक सड़क पहुंचने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा हो रही है, बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं तथा मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो पा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना IV के अंतर्गत 973 नई सड़कों तथा पीएमजनमन योजना के अंतर्गत 168 नई सड़कों के निर्माण की सौगात मिल रही है, जो मध्यप्रदेश के गांवों के विकास के साथ-साथ मध्यप्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

मुख्यमंत्री डॉ यादव भैरूंदा में आयोजित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV एवं पीएमजनमन योजना के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि प्रदेश का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि वे आर्थिक विकास, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन की मजबूत आधारशिला होती हैं। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विकास की नई रोशनी पहुंचेगी।

इन क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने से लोगों का जीवन आसान होगा तथा उन्हें रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।”मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में विकास का महायज्ञ – केंद्रीय कृषि मंत्री”इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, शक्तिशाली, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण हो रहा है। मध्यप्रदेश में भी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में विकास का महायज्ञ चल रहा है। मध्यप्रदेश को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के शुभारंभ के साथ 973 नई सड़कों तथा पीएमजनमन योजना के अंतर्गत 168 नई सड़कों के निर्माण की सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि कोई भी गरीब बिना घर के नही रहेगा, इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना संचालित की जा रही है।

पीएम आवास योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ यादव को 2055 करोड़ का स्वीकृति पत्र सौंपा गया है, ताकि सभी गरीबों को अपना पक्का मकान मिल सके। इसके साथ ही मनरेगा योजना के अंतर्गत भी स्वीकृत राशि का पत्र सौंपा गया है।उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण में मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर आया है, जो प्रदेश के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की पुरानी सड़कों को पूर्ण कराने के लिए 18,907 करोड़ रूपये की राशि का आवंटन किया गया है, इसमें से 830 करोड़ रूपये मध्यप्रदेश को प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन किसानों का अभी सत्यापन नही हुआ है उनका शीघ्र सत्यापन किया जाएगा और सभी किसानों का गेंहू खरीदा जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री ने दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भी वितरित कीं।आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने भेरुन्दा पहुचे आष्टा विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने आज केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराजसिंह जी चौहान से भेंट कर

आष्टा विधानसभा क्षेत्र की करीब 25 ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों को 45 किमी की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना IV बेज ।। में प्रस्तावित करने का मांग पत्र सौपा ।इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी एवं केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान ने भी संबोधित किया ।”सड़क निर्माण एवं रखरखाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों के प्रतिनिधियों को किया सम्मानित”मुख्यमंत्री डॉ यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों को सम्मानित किया। इस उत्कृष्ट कार्य की दो केटेगिरी में मध्यप्रदेश ने 02 बार प्रथम और एक केटेगिरी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट कार्यों की प्रथम केटेगिरी में मध्यप्रदेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही प्रथम केटेगिरी में सम्मान पाने वाले राज्यों में दूसरे स्थान पर राजस्थान तथा तीसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश शामिल है।

इसी प्रकार दूसरी केटेगिरी में प्रथम स्थान पर बिहार, दूसरे स्थान पर मध्यप्रदेश तथा तीसरे स्थान उड़ीसा शामिल हैं। तृतीय केटेगिरी में प्रथम स्थान गुजरात और दूसरा स्थान तमिलनाडु ने प्राप्त किया। ग्रामीण सड़कों के रख रखाव में प्रथम स्थान उत्तरप्रदेश, दूसरा स्थान बिहार तथा तीसरा स्थान पश्चिम बंगाल ने प्राप्त किया। पीएमजीएसवाई योजना के अंतर्गत ग्रामीण सड़कों के रखरखाव में दायित्व अवधि के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों में मध्यप्रदेश ने पुन: प्रथम स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर छत्तीसगढ़ तथा तीसरे स्थान पर उत्तरप्रदेश रहा।”प्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की सड़कों का होगा निर्माण”प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना- IV के अंतर्गत मध्यप्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सड़कों का निर्माण होगा। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की 987 बसाहटों को बेहतर सड़क संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

योजना के तहत सीहोर जिले में 165 करोड़ रुपये की लागत से 209 किलोमीटर लंबी 81 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों से जिले की 84 बसाहटें सीधे तौर पर लाभान्वित होंगी। इसी प्रकार पीएमजनमन योजना के अंतर्गत 261 करोड़ से अधिक की लागत से 384 किलोमीटर लंबी 168 सड़कें बनाई जाएंगी। जिनसे प्रदेश की 168 बसाहटें लाभान्वित होंगी। ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी तथा विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।भैरूंदा में कार्यक्रम से पहले हुए रोड़ शो के दौरान विभिन्न मंचों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान का नागरिकों ने अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री ने भी आत्मीयता से नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा, भारत सरकार के ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री, कमलेश पासवान, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजिनियर, सांची विधायक प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा, खातेगांव विधायक अशीष शर्मा, कुरवई विधायक हरिसिंह सप्रे, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, रघुनाथ भाटी, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती निर्मला बारेला, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला पंचायत श्रीमती रचना मेवाड़ा,धारासिंह पटेल, कलेक्टर बालागुरू के., एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए ।