पुष्पा हायर सेकेंडरी स्कूल, आष्टा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस

आष्टा। पुष्पा हायर सेकेंडरी स्कूल, आष्टा में 14 नवंबर 2026 को बाल दिवस हर्षोल्लास, उमंग एवं उत्साह के साथ मनाया गया। यह दिन देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जिन्हें बच्चे प्यार से ‘चाचा नेहरू’ कहकर पुकारते थे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन सभा के साथ हुआ। समारोह की शुरुआत शिक्षिकाएं नेहा राठौर, चंचल सेन एवं पूजा झंवर द्वारा प्रस्तुत मनमोहक प्रार्थना नृत्य से हुई।

इसके पश्चात सीनियर हेड बॉय एवं हेड गर्ल द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दीप प्रज्वलन का शुभ कार्य हेड बॉय, हेड गर्ल, असिस्टेंट हेड बॉय एवं हेड गर्ल, केजी कक्षा के हेड बॉय एवं हेड गर्ल तथा सांस्कृतिक मंत्री द्वारा किया गया। दीप प्रज्वलन ज्ञान, आशा एवं सकारात्मकता का प्रतीक रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य फादर मेल्विन सी. जे., उपप्राचार्या सिस्टर सुमा तथा सिस्टर झांसी एवं सिस्टर रानी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम में शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। मार्गरेट मैम एवं उनके समूह ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं शाजी सर, आयुष सर एवं केविन सर की ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। महिला शिक्षिकाओं ने ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत कर सभी विद्यार्थियों को दक्षिण भारतीय शैली से अवगत किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पुरुष शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत शानदार एवं ऊर्जावान नृत्य रहा। उनकी बेहतरीन प्रस्तुति, मनोरंजक अंदाज और शानदार तालमेल ने पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया।

बच्चों ने इस प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। यह प्रस्तुति समारोह के सबसे यादगार पलों में से एक रही। इस अवसर पर मिस डेनी सहायराज ने भी अपने संबोधन के माध्यम से बच्चों को प्रेरणादायी संदेश दिया। इसके पश्चात प्राचार्य फादर मेल्विन सी. जे. ने विद्यार्थियों को विशेष संदेश देते हुए बचपन के महत्व, शिक्षा, संस्कार एवं सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े सपने देखने, अच्छे संस्कार अपनाने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन, भव्य सामूहिक प्रस्तुति, विद्यालय गान एवं समापन की औपचारिकताओं के साथ समारोह संपन्न हुआ।पूरा विद्यालय परिसर संगीत, नृत्य, हँसी और उल्लास से सराबोर रहा। शिक्षकों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों के प्रति प्रेम, स्नेह और समर्पण व्यक्त किया तथा यह दिन उनके लिए विशेष और यादगार बना दिया।यह आयोजन इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि बचपन जीवन का सबसे अनमोल समय है, जहाँ सपने जन्म लेते हैं, प्रतिभाएँ निखरती हैं और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी जाती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top