

पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर डॉ प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में दिनांक 23 सितम्बर एवं 24 सितंबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, सीहोर के व्यावसायिक शिक्षा कक्षा 9 वीं से 12वीं के 180 छात्र-छात्राओं को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का शैक्षणिक एवं व्यावसायिक एक्सपोजर भ्रमण कराया गया।इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की वास्तविक कार्यप्रणाली, सुरक्षा प्रबंधन एवं आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना था।

भ्रमण के दौरान विद्यालय के सूचना प्रौद्योगिकी तथा सुरक्षा प्रबंध के संबंध में विद्यार्थियों ने पुलिस विभाग की तकनीकी शाखाओं का अवलोकन किया । वायरलेस शाखा के अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को पुलिस संचार तंत्र, वायरलेस सेट के संचालन, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और सुरक्षा में तकनीक की भूमिका के बारे में विस्तार से समझाया गया। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को कार्यालयीन सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी तथा आपातकालीन स्थितियों में पुलिस द्वारा

उठाए जाने वाले सुरक्षा कदमों की व्यावहारिक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनके प्रश्नों के उत्तर दिए और उन्हें अनुशासन, कानून के पालन तथा भविष्य मे सुरक्षा व आईटी क्षेत्र में करियर निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर विद्यालय के संबंधित शिक्षक व प्रशिक्षक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शैक्षणिक भ्रमण के अंत में विद्यालय परिवार ने जिला पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया, वहीं पुलिस अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रेरित किया ।


