

आष्टा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज आष्टा नगर में भव्य एवं विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। आजादी का अमृत महोत्सव की भावना को आगे बढ़ाते हुए नगर के समस्त नागरिको से अपने-अपने घरों पर सम्मान पूर्वक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रदर्शित करने की अपील की गई। विशाल तिरंगा रैली में जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाडा,

विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, नगर पालिका अध्यक्ष हेमकुवर राय सिंह मेवाड़ा, जनपद पंचायत अध्यक्ष दीक्षा सोनू गुणवान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अंजलि विशाल चैरसिया, जिला महामंत्री धारा सिंह पटेल, एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, एन.सी.सी. कैडेट्स, एन.एस.एस. स्वयंसेवकों सहित सांदीपनि विद्यालय आष्टा एवं अन्य विद्यालयों के 2000 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।सर्वप्रथम अनुविभागीय अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह किरार,

मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित व्यास, सीएमओ विनोद प्रजापति, विकासखंड शिक्षा अधिकारी निलेश सक्सेना, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक अजब सिंह राजपूत एवं सांदीपनि विद्यालय आष्टा के प्राचार्य सितवत खान द्वारा सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। तिरंगा यात्रा के प्रारंभ होने से पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर और भाजपा जिला उपाध्यक्ष धारासिंह पटेल ने संबोधित किया।

अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि बहुत संघर्ष और त्याग के पश्चात हमें आजादी मिली है। आज हम एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बड़ रहे है। यदि हम सभी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करते है, तो विकसित राष्ट्र का सपना बहुत जल्द ही साकार हो जाएंगा। युवाओं से आव्हान किया कि वो अपनी शक्ति को पहचाने और उनकों जो अवसर और सुविधाएं मिल रही है, उससे लाभांवित हो। विशाल तिरंगा हाथों में थामे विद्यार्थियों एवं युवाओं का कारवां सांदीपनि विद्यालय से प्रारंभ होकर आष्टा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस सांदीपनि विद्यालय पहुंचा।

पूरा नगर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से गूंज उठा। विद्यार्थियों में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का अद्भुत उत्साह देखने को मिला।तिरंगा रैली के दौरान नगरवासियों ने उत्साह पूर्वक सहभागिता करते हुए जगह जगह पुष्प वर्षा कर तिरंगा रैली का स्वागत किया। विशाल संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति ने पूरे आयोजन को भव्य एवं आकर्षक बना दिया।

रैली का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।आष्टा की सड़कों पर लहराता तिरंगा और हजारों विद्यार्थियों का अनुशासित कदमताल देशभक्ति की एक शानदार तस्वीर प्रस्तुत कर रहा था। यह विशाल तिरंगा रैली नगरवासियों के लिए एकता, उत्साह और राष्ट्रप्रेम का यादगार संदेश छोड़ गई।


