आष्टा में कमलादेवी सोनी को श्रद्धांजलि, धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं को लाखों की मदद की घोषणा, शीतला माता मंदिर समिति को 11 लाख, श्रीराम मंदिर समिति को 5.55 लाख रुपए देने की घोषणा

आष्टा। नगर के प्रतिष्ठित सराफा व्यापारी एवं समाजसेवी माखनलाल सोनी की धर्मपत्नी तथा दिनेश सोनी व धर्मेंद्र सोनी की माताजी एवं भाजपा नगर मंडल महामंत्री मोहित सोनी, राज और अभिजीत की दादी श्रीमती कमलादेवी सोनी का बुधवार को देवलोकगमन हो गया। उनके निधन से नगर में शोक की लहर दौड़ गई। उनके अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि के लिए नगर के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, धार्मिक संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचे।

क्षेत्रीय विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि सोनू गुणवान, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष अनोखीलाल खंडेलवाल, राकेश सुराणा, ललित नागोरी सहित नगर के वरिष्ठजनों ने श्रीमती कमलादेवी सोनी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

धार्मिक आयोजनों में परिवार की रही सक्रिय भूमिका- श्रीमती कमलादेवी सोनी के ज्येष्ठ पुत्र दिनेश सोनी शीतला माता मंदिर समिति के अध्यक्ष हैं। वे नगर में होने वाले विभिन्न धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वहीं उनके पौत्र मोहित सोनी नगर भाजपा महामंत्री के पद पर रहते हुए सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। श्रीमती कमलादेवी के छोटे पुत्र धर्मेंद्र सोनी व्यापारिक गतिविधियों में अग्रसर रहते है और आष्टा सराफा व्यापारी एसोसिएशन के सचिव पद पर है।

मंदिर, गोशालाओं सहित विभिन्न संस्थाओं को सहयोग- श्रीमती कमलादेवी सोनी के निधन पर परिजनों की ओर से उनकी स्मृति में धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के लिए सहयोग राशि की घोषणा की गई। शीतला माता मंदिर समिति के लिए 11 लाख रुपए तथा श्रीराम मंदिर समिति के लिए 5 लाख 55 हजार रुपए देने की घोषणा की गई।

 कृष्णाश्रय गोशाला के लिए 11000, पार्वती धाम गोशाला, श्री आचार्य विद्यासागर गोशाला हकीमाबाद, भूतेश्वर व्यायामशाला, श्मशान समिति  के लिए 2100-2100 रुपए सहयोग राशि देने की घोषणा की गई। साथ ही श्रीनाथ जी मंदिर हवेली एवं श्री अन्नपूर्णा मंदिर पार्वती तट सहित अन्य धार्मिक संस्थाओं के लिए भी सहयोग की घोषणा की गई। परिजनों द्वारा दुख की इस घड़ी में दिवंगत श्रीमती कमलादेवी सोनी की स्मृति में धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं को सहयोग देने का निर्णय लिया गया, जिसकी नगर में सराहना की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top