वर्षा पूर्व सफाई अमले की ली बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

आष्टा। नगरपालिका द्वारा नगर की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने एवं वर्षा ऋतु में जल भराव जैसी गंभीर समस्या उत्पन्न नही हो उसके लिए नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा द्वारा निज कार्यालय पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति की उपस्थिति में सफाई अमले की एक आवश्यक बैठक ली गई। बैठक में सफाई अमले को वर्षा पूर्व नगर में मौजूद सभी नाला-नालियों की समुचित साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने स्वच्छता अमले को निर्देशित करते हुए कहा कि

बारिश में नालों में कचरा जमा होने से पानी का भराव हो जाता है, नालों व अन्य छोटी-बड़ी नालियों की समुचित साफ-सफाई की जाए, ताकि लोगों को बारिश के दिनों में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। श्री मेवाड़ा ने यह भी निर्देश दिए है कि सफाई कार्य के दौरान आमजन को परेशानियों का सामना न करना पड़े, ऐसी व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साफ सफाई के साथ-साथ दवाओं का भी छिड़काव कराया जाए, ताकि नगर में कोई संक्रमण न फैले। मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने अधिनस्थ सफाई अमले को सख्ती के साथ निर्देशित करते हुए कहा कि सफाई कार्य आवश्यक कार्यो में से एक है जो प्रतिदिन किया जाता है। प्रायः देखने में आता है कि कुछ कर्मचारियों द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने के कारण अनेकों वार्डो की सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। श्री प्रजापति ने प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक को बारिश के पूर्व नगर में मौजूद सभी बड़े एवं छोटे नालों-नालियों की सूची तैयार करने तथा सूची अनुसार ही वर्षा पूर्व सभी नाला-नालियों की समुचित सफाई करने के निर्देश दिए।

नाला गैंग सहित ट्रेक्टर-ट्राली पर कार्यरत सभी कर्मचारियों का दल गठित कर सफाई कार्य को अंजाम दिया जाए, ताकि प्रत्येक वर्षो की भांति जल भराव की गंभीर समस्या नगर में उत्पन्न नही हो सकें। इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, सीएमओ विनोदकुमार प्रजापति, नपाउपाध्यक्ष प्रतिनिधि भूरू खां, पार्षद तारा कटारिया, प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक विनोद सांगते, उपस्वच्छता निरीक्षक राजेश घेंघट, जमादार अमरदीप सांगते, मनोज घेंघट, रितेश सांगते, पप्पू खरे, जीवन करोशिया, जितेन्द्र सिंगन, किशोर डूमाने आदि मौजूद थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top