

“धर्म, संस्कृति और जनभागीदारी का संगम बनेगी रथ यात्रा” अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) की आष्टा शाखा द्वारा 19 जुलाई को तृतीय वर्ष भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन आष्टा में किया जाएगा। भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की यह दिव्य यात्रा दोपहर 2 बजे गायत्री मंदिर से प्रारंभ होकर कन्नौद रोड होते हुए गीतांजलि गार्डन में संपन्न होगी। इसकॉन सेंटर आष्टा द्वारा यात्रा की व्यापक तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। 21 जून को नगर के प्रबुद्धजनों एवं श्रेष्ठ नागरिकों के साथ सफल बैठक संपन्न हुई। अब कार्यकर्ता घर घर जाकर श्रद्धालुओं को रथ यात्रा में सहभागी बनने हेतु सादर निमंत्रण दे रहे हैं।

इसी क्रम में आयोजन समिति ने प्रभु प्रेमी संघ के संयोजक एवं पूर्व नपा अध्यक्ष श्री कैलाश परमार से भेंट कर निमंत्रण दिया। इस अवसर पर श्री परमार ने कहा “इस्कॉन का आंदोलन केवल कीर्तन तक सीमित नहीं, यह जीवनशैली का परिवर्तन है। शुद्ध आहार, नाम संकीर्तन और भगवद्गीता का प्रचार आज की युवा पीढ़ी को सही दिशा दे रहा है। जगन्नाथ रथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। जब भगवान स्वयं रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलते हैं, तो जाति, वर्ग, पद का भेद मिट जाता है। यह यात्रा हर आष्टावासी के लिए सेवा का अवसर है। मेरा सभी नगरवासियों से आग्रह है कि परिवार सहित पधारें, रथ खींचने का सौभाग्य लें और महाप्रसाद ग्रहण करें।

आष्टा की धरती धन्य होगी।” श्री परमार ने समिति को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि इस्कॉन की भक्ति, कीर्तन और आहार शुद्धता पर आधारित जीवनशैली ने ही उसे अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।आष्टा में इस्कॉन के सूत्रधार संदीप सोनी गीतांजलि ने साथियों के साथ इस्कॉन को व्यापक बनाया हुआ है। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश पाटीदार, महामंत्री हरिओम कटारिया, सचिव नवीन पांचाल, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र सोनी, उपाध्यक्ष चंद्रेश माथुर, प्रचार मंत्री सोनू शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। इस्कॉन समिति का परमार परिवार के परिजन एडवोकेट सुरेंद्र परमार, एडवोकेट वीरेंद्र परमार, एडवोकेट पल्लव प्रगति एवं युवा समाजसेवी अर्जुनसिंह अजय ने आत्मीय स्वागत किया।

सीहोर, दिनांक 26 जून 2026।पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत आज जिला सीहोर में दर्शन एकेडमी में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में एसडीओपी सीहोर पूजा शर्मा एवं साइबर सेल प्रभारी श्री सुशील साल्वे द्वारा विद्यार्थियों को साइबर स्पेस के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, मोबाइल एवं इंटरनेट के जिम्मेदारीपूर्ण इस्तेमाल,

साइबर ठगी से बचाव, फर्जी लिंक एवं ऑनलाइन फ्रॉड की पहचान, ओटीपी एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जानकारी दी।वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे तकनीक का उपयोग सकारात्मक एवं सुरक्षित तरीके से करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत अपने अभिभावकों एवं पुलिस को दें।कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं

विभिन्न कक्षाओं के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया।जिला पुलिस सीहोर द्वारा “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के माध्यम से आमजन एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने हेतु लगातार विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

