ग्राम सिंगारचोरी तक पहुंची विकास की धारा- जल्द मिलेगा घर में नल से शुद्ध जल, कुंए से पानी खींचने और हैंडपंप की खटर-खटर से मिलेगी मुक्ति नलजल योजना पूर्ण होने से ग्रामवासियों में खुशी की लहर

सीहोर, 02 जून, 2026 विकास की नई धारा अब आष्टा तहसील के ग्राम सिंगारचोरी में पहुंच चुकी है। गांव में नल-जल योजना के तहत प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और वर्तमान में योजना की टेस्टिंग की जा रही है। जल्द ही ग्रामवासियों को अपने घरों में नल के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल मिलने लगेगा। ग्राम सिंगारचोरी की वर्तमान आबादी 3,108 है तथा गांव में कुल 655 घर हैं। नल-जल योजना के अंतर्गत एजेंसी द्वारा 670 नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं,

जिससे गांव के लगभग सभी परिवारों को योजना का लाभ मिलेगा। अब तक ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को पानी के लिए कुओं और हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता था। सुबह-शाम पानी लाने में काफी समय और श्रम खर्च होता था। कई परिवारों में बच्चों को भी पानी लाने में सहयोग करना पड़ता था, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती थी। लेकिन अब नल-जल योजना के शुरू होने से यह स्थिति बदलने जा रही है। गांव की महिलाओं का कहना है कि घर में नल से पानी मिलने से उन्हें कुएं से पानी निकालने और हैंडपंप की खटर-पटर से मुक्ति मिलेगी।

पानी लाने में लगने वाले समय की बचत होगी, जिसका उपयोग वे परिवार, बच्चों की देखभाल, स्वरोजगार एवं अन्य उपयोगी कार्यों में कर सकेंगी। इससे महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और उनका दैनिक कार्यभार भी कम होगा। शुद्ध पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी अच्छा प्रभाव पड़ेगा। स्वच्छ पानी मिलने से जल जनित बीमारियों की आशंका कम होगी तथा बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा। ग्रामीणों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में यह योजना एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

नल-जल योजना का सबसे बड़ा लाभ बच्चों को मिलेगा। जिन परिवारों के बच्चे पानी भरने में समय लगाते थे, वे अब अपना पूरा ध्यान पढ़ाई और अन्य रचनात्मक गतिविधियों पर केंद्रित कर सकेंगे। गांव में घर-घर नल से जल पहुंपाचने के साथ ही ग्राम सिंगारचोरी विकास और आधुनिक सुविधाओं की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाने जा रहा है। यह योजना ग्रामीण जीवन को अधिक सुविधाजनक, स्वस्थ और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top