

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार, आगामी ‘सिंहस्थ- 2028’ के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के दृष्टिगत सीहोर जिले में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 06 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कोर्स का शुभारंभ आज, दिनांक 01 जून 2026 से पुलिस नियंत्रण कक्ष सीहोर में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने उपस्थित समस्त कर्मचारियों को सिंहस्थ ड्यूटी की बारीकियों और उसके महत्व के संबंध में आवश्यक समझाइश देकर उनका मार्गदर्शन किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सुनीता रावत, रक्षित निरीक्षक सीहोर श्री उपेंद्र यादव, उप-निरीक्षक राहुल श्रीवास्तव सहित प्रशिक्षण के पहले बैच में शामिल 45 कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। 100% बल को प्रशिक्षित करने का है लक्ष्य:- पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुक्रम में यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य जिले की इकाई में पदस्थ शत-प्रतिशत पुलिस बल को कानून व्यवस्था, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए पूरी तरह से तैयार करना है। पुलिस मुख्यालय द्वारा तैयार किए गए कैलेंडर के अनुसार यह प्रशिक्षण प्रति सप्ताह अलग-अलग बैच में निरंतर संचालित किया जाएगा ।


