
सीहोर 26 मई 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों के समय-सीमा वाले प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और समय सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान को देखते हुए कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने टीएल बैठक में जिले की पेयजल एवं विद्यत आपूर्ति की गहन समीक्षा करते हुए सभी जनपद सीईओ, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल निगम तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पेयजल संकट से जुड़ी शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ तत्काल अटेण्ड किया जाए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कहीं भी पेयजल की समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचकर उसका निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी के कारण कई क्षेत्रों में जल स्रोत प्रभावित हो रहे हैं, ऐसे में सभी अधिकारी लगातार मैदानी भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए रखें। उन्होंने निर्देश दिए कि पेयजल अभावग्रस्त इलाकों में वैकल्पिक व्यवस्था की जाये। पेयजल संबंधी शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने जिले की विद्युत व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति की उपलब्धता बनाए रखी जाए। इसके लिए प्रत्येक शिकायत पर त्वरित रिस्पॉन्स दिया जाए तथा फील्ड स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग रखी जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्युत विभाग का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रूप से कार्य करे तथा प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का रिकॉर्ड रखते हुए उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर खराब होने, लाइन फाल्ट अथवा अन्य तकनीकी समस्याओं की स्थिति में मरम्मत कार्य तेजी से किया जाए,

ताकि बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित न रहे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले में विद्युत आपूर्ति यथासंभव निर्बाध बनी रहे। यदि लाइनों की मरम्मत अथवा रखरखाव कार्य के लिए बिजली सप्लाई बंद करना आवश्यक हो, तो इसकी पूर्व सूचना आमजन को समय पर दी जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने आगामी ईद-उल-जुहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी राजस्व अधिकारियों को पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन का दायित्व है, इसलिए सभी अधिकारी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें तथा पर्व के दौरान निरंतर मॉनिटरिंग बनाए रखें।

उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया कि ईद पर्व के दौरान आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करें, जिससे पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन एवं किसानों से जुड़े सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद वितरण, फार्मर आईडी निर्माण, भूमि आवंटन एवं वनाधिकार दावों से संबंधित कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उचित मूल्य दुकानों पर राशन का उठाव एवं वितरण समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि राशन वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। बैठक में खाद वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों को ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद का वितरण सुव्यवस्थित तरीके से किया जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी तहसीलदारों को खाद वितरण केन्द्रों का समय-समय पर निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं की निगरानी रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिले के सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी बनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इस कार्य में तेजी लाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए। संबंधित विभागों को गांव-गांव पहुंचकर किसानों का पंजीयन कराने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में भूमि आवंटन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाई जाए।

कलेक्टर ने वन मित्र पोर्टल पर वनाधिकार दावों को दर्ज करने की कार्यवाही में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वनाधिकार से जुड़े मामलों में राजस्व, वन एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि पात्र हितग्राहियों के दावे समय पर दर्ज एवं निराकृत किए जा सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस कार्य को गंभीरता से लेते हुए मैदानी स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाए तथा लंबित मामलों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं व्यवस्थाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे, इसके लिए समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करे तथा मैदानी स्तर पर निगरानी बढ़ाकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, संयुक्त कलेक्टर श्री जमील खान, सुश्री वंदना राजपूत, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, श्रीमती स्वाति मिश्रा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।