

आष्टा। हाल ही में एक चिकित्सक पर हुए हमले के मामले में अब तक पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में आष्टा के सभी चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मचारियों ने आज से दो दिवसीय शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। विरोध स्वरूप चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी हाथ पर काली पट्टी बांधकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि न्याय की मांग को लेकर एसडीओपी आष्टा, पुलिस अधीक्षक सीहोर एवं एसडीएम आष्टा को लिखित आवेदन एवं ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं।

इसके बावजूद अब तक आरोपियों के विरुद्ध कोई ठोस एवं प्रभावी पुलिस कार्रवाई नहीं होने से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों में गहरा आक्रोश एवं असुरक्षा की भावना व्याप्त है। चिकित्सक संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र निष्पक्ष एवं कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो वर्तमान में चल रहा काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन अगले चरण में आष्टा ब्लॉक स्तर पर व्यापक आंदोलन का रूप लेगा। इस आंदोलन के तहत सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी संपूर्ण कार्य बंद (टोटल वर्क स्टॉपेज) कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। चिकित्सकों ने कहा कि उनकी मांग केवल दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं

निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा की गारंटी प्रदान करने की है। उन्होंने कहा कि यदि आंदोलन उग्र होता है तो इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन एवं पुलिस विभाग की होगी। इस अवसर पर सिविल अस्पताल आष्टा के मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ अमित कुमार माथुर, डॉ भूपेंद्र परमार, डॉ अवधेश परमार, डॉ भूरेलाल परमार, डॉ जयदीप सिंह सिसोदिया,डॉ अंकित पोरवाल,डॉ भंडरिया , डॉ माधवीराय, डॉ , हिनोपमा ठाकुर, डॉ वैशाली,डॉ इति,डॉ प्रियंका मेवाड़ा,एवं समस्त स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे।

14 जुलाई को आष्टा पहुंचेगी युवा स्वाभिमान साइकिल यात्रा, तैयारियां जोरों पर

आष्टा। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकाली जा रही युवा स्वाभिमान साइकिल यात्रा 14 जुलाई (मंगलवार) को आष्टा पहुंचेगी। यात्रा के आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। नगर में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा।

इस यात्रा में पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि शामिल रहेंगे। यात्रा के दौरान गोकुलधाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा तथा रात्रि विश्राम आष्टा में किया जाएगा।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह मेमदाखेड़ी ने बताया कि यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। नगर के विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा जगह-जगह स्वागत की तैयारियां की गई हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से यात्रा में शामिल होकर छात्रों, युवाओं और किसानों के हितों की आवाज़ को मजबूत करने की अपील की।


