सृजन कॉन्वेंट स्कूल में धूमधाम से संपन्न हुआ भव्य ‘सृजन बाल मेला’, बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा और उत्साह के रंग

आष्टा। बजरंग कॉलोनी स्थित सृजन कॉन्वेंट स्कूल में कल 21 नवंबर (शनिवार) की शाम भव्य ‘सृजन बाल मेला’ अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। “खुशियों के रंग, सपनों के संग – खेलें, सीखें, मुस्कुराएँ” की थीम पर आयोजित इस उत्सव में बड़ी संख्या में अभिभावकों और नगरवासियों ने शिरकत कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। बाल मेले का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार व अधिवक्ता काका सुधीर पाठक साहब द्वारा रिबन काटकर किया गया। इसके पश्चात काका साहब द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार द्वारा काका साहब का स्वागत किया गया।

उत्सव शाम 7 बजे से शुरू हुआ इस मेले में बच्चों की रचनात्मकता और ऊर्जा देखते ही बन रही थी। आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण ‘नन्हे व्यापारियों का बाजार’ रहा, जहाँ विद्यार्थियों ने स्वयं विभिन्न स्टॉल लगाकर अपनी व्यावसायिक समझ और आत्मविश्वास का परिचय दिया। इसके साथ ही ‘रंग-बिरंगे किरदार’ फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा में अपनी शानदार प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।

इस दौरान विद्यालय संचालक राम नरेश यादव सर एवं प्राचार्य पुष्पेंद्र दांगी द्वारा अनिल नायर सर, पत्रकार श्रीमल मेवाड़ा, नवीन शर्मा, युवा पत्रकार धनंजय जाट का पुष्पा वाला पहन कर स्वागत किया। मस्ती भरी राइड्स, विभिन्न झूलों और ‘जीत का जश्न’ मनोरंजक गेम्स का बच्चों ने भरपूर आनंद उठाया। रोमांच के शौकीन बच्चों के बीच ‘डर और रोमांच की दुनिया – भूत बंगला’ का खासा क्रेज देखने को मिला। वहीं, ‘खिलौनों की जादुई दुनिया’ के स्टॉल पर भी बच्चों की भारी भीड़ रही और विभिन्न प्रतियोगिताओं के

विजेताओं को ‘खुशियों के तोहफे’ के रूप में आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। इस दौरान ‘स्वाद की चौपाल’ फूड स्टॉल पर अभिभावकों और बच्चों ने लजीज व्यंजनों का जमकर लुत्फ उठाया। चल रहे कार्यक्रम के दौरान काका साहब द्वारा बच्चों शिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित किया गया। एवं विद्यालय परिवार को बधाई शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top