

देहली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, आष्टा की कक्षा 7वीं की होनहार छात्रा अनुश्री ठाकुर ने अपनी मधुर आवाज़, शानदार प्रस्तुति और आत्मविश्वास के दम पर बालरंग प्रतियोगिता के संभाग स्तरीय चरण में सुगम गायन में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।अनुश्री की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ अब वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। संभाग स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करना अनुश्री की मेहनत, लगन और संगीत के प्रति समर्पण का परिचायक है।

अनुश्री की सफलता में उसके निरंतर अभ्यास और प्रतिभा के साथ विद्यालय के संगीत शिक्षक श्री पंकेश राव के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। श्री राव ने अनुश्री को नियमित अभ्यास, गायन की बारीकियों और मंचीय प्रस्तुति के लिए निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया, जिससे उसकी प्रतिभा को और निखरने का अवसर मिला।विद्यालय प्रबंधन ने अनुश्री की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकता है।

अनुश्री की सफलता न केवल उसके लिए बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय के निदेशक सैयद परवेज़ अली, श्री बहादुर सिंह सेंधव, श्री ज्ञानसिंह ठाकुर, डॉ योगेश पोपट, श्रीमती पायल अली, डॉ. संगीता सिन्हा, सैयद आदिल अली तथा संयुक्त निदेशक डॉ. एम. एन. सिंह ने अनुश्री ठाकुर एवं संगीत शिक्षक श्री पंकेश राव को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अनुश्री के राज्य स्तरीय प्रदर्शन के लिए भी सफलता की कामना की।देहली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, आष्टा को विश्वास है कि अनुश्री अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं अपने परिवार का नाम रोशन करेगी।


