

आष्टा:- सुभाष नगर वार्ड नंबर 15 स्थित संस्कृति हायर सेकेंडरी स्कूल में हाल ही में एक रंगारंग बाल मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्यालय के डायरेक्टर व प्राचार्य सर्वेश उपाध्याय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। बाल मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद तेज़सिंह राठौर, पत्रकार धनंजय जाट, जितेंद्र राठौर और विद्यालय डायरेक्टर सर्वेश उपाध्याय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत व सम्मान किया गया।

मेले में छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के कई आकर्षक स्टाल लगाए गए थे। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने इन स्टालों का मुआयना किया, जमकर खरीदारी की और लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया। इस दौरान पार्षद तेज़सिंह राठौर ने कहा कि “वार्ड नंबर 15 के इस स्कूल में बच्चों का ऐसा उत्साह देखकर बहुत खुशी हुई। संस्कृति स्कूल हमेशा से ही शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है।”

वहीं पत्रकार धनंजय जाट ने कहा कि”बाल मेले के बहाने बच्चों ने न सिर्फ व्यंजनों के स्टाल चलाना सीखा, बल्कि अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। विद्यालय परिवार द्वारा ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास की मजबूत नींव पड़ती है।” इसी के साथ पत्रकार जितेंद्र राठौर ने बच्चों के द्वारा लगाए गए स्टालों की प्रशंसा की।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार से वरिष्ठ शिक्षिका अनीता ताम्रकार, विजयलक्ष्मी मैम, राज परिहार सर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय प्राचार्य सर्वेश उपाध्याय ने बताया कि “बच्चों में व्यावहारिक ज्ञान और उद्यमिता की भावना विकसित करने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं। हमारे विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और कला से इस बाल मेले को बेहद सफल बना दिया।” जिसमें सभी शिक्षक शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा।


