
आष्टा। असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व आज आष्टा सहित पूरे अंचल में उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया । विजयादशमी उत्सव समिति के अध्यक्ष मोहित दिनेश सोनी के नेतृत्व एवं आष्टा विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर के मुख्य आतिथ्य में दोपहर 01 बजे विजयदशमी दशहरा का नगर मे विशाल चल समारोह प्रारम्भ हुआ । नये-पुराने दशहरा मैदान,अलीपुर में 71 एवं 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का राम-रावण युद्ध के बाद दहन किया गया । तीनो स्थानों पर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए ओर सभी नागरिको को दशहरे की बधाई दी ।

“भाऊबाबा मंदिर से शुरू हुआ भव्य चल समारोह”विजयादशमी उत्सव समिति के अध्यक्ष मोहित सोनी के नेतृत्व में विजय दशमी दशहरे का विशाल चल समारोह दोपहर 01 बजे भाऊबाबा मंदिर से शुरू हुआ । भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमानजी का विजय तिलक किया गया । आज दशहरे का चलसमारोह नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुराना दशहरा मैदान पहुचा यहा रावण दहन के बाद जुलूस नये दशहरा मैदान पहुचा । नगर में निकले ऐतिहासिक चल समारोह में इस वर्ष अनेक नई और आकर्षक प्रस्तुतियां शामिल हुई।

भगवान श्रीराम-लक्ष्मण, हनुमानजी एवं रावण के रथ के साथ बाहुबली हनुमानजी की सेना, महादेवजी की सेना,मलखम अखाड़ा, नृसिंह अवतार की नाट्य प्रस्तुति, कथकली नृत्य, नरसिंगा ब्रास बैंड, हथौड़ा ढोल पार्टी, अघोरी टीम और दुर्गा वाहिनी सेना अपनी प्रस्तुतियों से नगर के नागरिको का मन मोह लिया । दशहरे के चल समारोह में इसके अलावा कड़ाबीन तोप, नृत्य करते ऊंट,लॉग मैन, जांबाज नगाड़ा टीम, विशाल गोरिल्ला,फनी पांडा, चार्ली चैपलिन, संत अखाड़ा और भूतों की टोली सहित विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियां चल समारोह में आकर्षण का केंद्र रहा ।

जुलूस में बैंड-बाजे, ढोल और अखाड़ों की प्रस्तुतियों के बीच नगर में उत्सव का माहौल बना ।नगर में निकला चल समारोह भाऊबाबा मंदिर चौराहे से प्रारंभ होकर बुधवारा,परदेशीपुरा,अस्पताल चौराहा,पुराना बस स्टैंड, भवानी चौक, पुरानी सब्जी मंडी, बड़ा बाजार और सिकंदर बाजार होते हुए गांधी चौक से पुराने दशहरा मैदान में रावण दहन कर जुलूस कन्नौद रोड से होते हुए नए दशहरा मैदान पहुंचा,जहां भव्य आयोजन की अन्य प्रस्तुतियां सम्पन्न हुई । इस वर्ष नए दशहरा मैदान पर नागरिकों के लिए विशेष रूप से यहां लेजर शो, इलेक्ट्रिक आतिशबाजी, बारूदी आतिशबाजी, म्यूजिक शो, राम-रावण युद्ध और लंका दहन की विशेष प्रस्तुति सम्पन्न हुई।

राम रावण युद्ध के बाद 71 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया ।विजय दशमी के मुख्य समारोह में उपस्तिथ मुख्य अतिथि विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर ने इस अवसर पर क्षेत्र के सभी नागरिको को असत्य पर सत्य की विजय के त्यौहार दशहरे की बधाई एवं शुभकामनाएं देते अपने उदबोधन में कहा की आज आष्टा नगर के नये, पुराने एवं अलीपुर दशहरे के जुलूस एवं रावण दहन कार्यक्रम में हजारों सनातन प्रेमियों की उपस्तिथि ने यह स्पष्ट संदेश दिया है की सनातन धर्म,संस्कृति और हिन्दू त्योहारों को उत्साह,उमंग ओर अपनी सनातन संस्कृति के साथ मनाने के लिये हम सब एक है,समर्पित है । दशहरे पर राम-रावण युद्ध के बाद रावण का दहन हम सब को यही संदेश देता है की

बुराई की हमेशा हार होती है और अच्छाई की हमेशा जीत हुई है और होती ही है । विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने कहा की हर साल हम बुराई के प्रतीक रावण का दहन करते है,उसी तरह हमे अपने अंदर जो बुराइया है उन अंदर की बुराईयों को भी खत्म करें और सभी से प्रेम करे,विश्वास करे । विधायक इंजीनियर ने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने जो 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का सपना देखा है,वो सपना हम सब को पूरा करना है । इस अवसर पर आज जो नगर में ऐतिहासिक दशहरा मनाया गया,भव्य जुलूस निकाला उसको लेकर कहा की विजयदशमी उत्सव समिति के अध्यक्ष मोहित सोनी के

नेतृत्व में उनकी पूरी टीम ने 20 दिनों तक जो दिन रात कड़ी मेहनत की ओर सफलता को शिखर तक पहुचाई उसके लिये में पूरी टीम को बधाई देता हूं,निश्चित आप सबने एक इतिहास रच दिया है । रावण निर्माण समिति ने जो रावण का निर्माण किया,जिसके हाथ व अन्य अंग तक चला दिये उस पूरी टीम को भी बधाई । विधायक इंजीनियर ने प्रभु श्रीराम जी से सभी को आशीर्वाद प्रदान कर क्षेत्र में सभी ओर सुख शांति, समृध्दि की कामना की । रावण दहन के बाद सभी नागरिको ने एक दूसरे को दशहरे की बधाई शुभकामनाएं दी । कार्यक्रम को नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाडा ने भी सभी को संबोधित किया ।पुराने,नये दशहरा मैदान पर रावण दहन के बाद विधायक गोपालसिंह इंजीनियर, समाजसेवी जितेंद्र सोनी दादा दयालु,

पूर्व जिला मीडिया प्रभारी सुशील संचेती अलीपुर के दशहरा मैदान पहुचे एवं विधायक गोपालसिंह इंजीनियर के मुख्य आतिथ्य में यहा भी रावण दहन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ । अलीपुर दशहरा समिति के अध्यक्ष राजकुमार मालवीय के नेतृत्व में विधायक इंजीनियर सहित सभी मंचासीन अतिथियों का स्वागत सम्मान किया गया । अलीपुर में दशहरे का जुलूस अध्यक्ष राजकुमार मालवीय के नेतृत्व में बायपास से शुरू हुआ जो रेस्टहाउस के सामने पहुचा । यहा भी आकर्षक आतिशबाजी का प्रदर्शन हुआ । इस वर्ष नये दशहरा मैदान परसमिति द्वारा मैदान में आने वाले नागरिकों, माताओं और बहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं तथा सुरक्षा प्रबंधन किए गए थे, ताकि दर्शक बिना किसी परेशानी के दशहरा उत्सव का आनंद ले सकें।

आज नगर में निकले चल समारोह का पूरे जुलूस मार्ग पर बने संस्थाओं,संगठनों के मंचो से भव्य स्वागत सम्मान किया गया । नये दशहरा मैदान पर विजयदशमी उत्सव समिति के अध्यक्ष मोहित सोनी ने स्वागत उदबोधन दे कर सभी का स्वागत कर दिये सहयोग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की । कार्यक्रम का संचालन कुशलपाल लाला, राजेंद्र जायसवाल एवं पंकज यादव ने संयुक्त रूप से किया । रावण दहन के बाद विशाल चौरसिया ने सभी का दिये गये सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया ।नगर में तीनों स्थानों पर आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में नगर के सभी वरिष्ठजन,जनप्रतिनिधि,पत्रकार, समाजसेवी,हिन्दू उत्सव समिति,सकल समाज सहित सभी संगठनों के प्रमुख मंचासीन रहे।