

आष्टा। नगर पालिका द्वारा ‘जीरो वेस्ट अभियान’ के अंतर्गत चलाए जा रहे अवेयरनेस प्रोग्राम के तहत इस बार कन्या भोज का आयोजन पर्यावरण संरक्षण के विशेष संदेश के साथ किया गया। अभियान के अंतर्गत श्री रामेश्वर अकेला ने मुकाती एवेन्यू कॉलोनी के अध्यक्ष इंद्रसिंह ठाकुर एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. अतुल उपाध्याय से संपर्क कर चर्चा की।

पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का चयन- आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष कन्या भोज में किसी भी प्रकार की प्लास्टिक या डिस्पोजेबल सामग्री का उपयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा। कन्याओं को सम्मानपूर्वक भोजन परोसने के लिए पारंपरिक पत्तल और पीने के पानी के लिए कागज के गिलासों का उपयोग किया जाएगा।

अन्य आयोजकों के लिए प्रेरणादायक पहल- सिंगल यूज़ प्लास्टिक और डिस्पोजेबल कचरे को कम करने की दिशा में यह कदम अत्यंत सराहनीय है। इससे न केवल नगर के जीरो वेस्ट अभियान को गति और प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि अन्य धार्मिक व सामाजिक आयोजकों को भी पर्यावरण के अनुकूल (Eco-friendly) विकल्प अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।

