

आष्टा। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को शास्त्री स्मृति विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल आष्टा में कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रमुख प्रेम नारायण शर्मा द्वारा संस्था में पूर्व में अध्यापन कार्य कर चुके शिक्षक-शिक्षिकाओं को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख एवं अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन तथा भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात आमंत्रित अतिथियों का तिलक एवं शॉल पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अजब सिंह राजपूत, प्राचार्य एवं बीआरसी आष्टा, पूर्व शिक्षक तथा वर्तमान में कन्या शाला में अपनी सेवाएं दे रहे जितेंद्र गुठानिया, श्रीमती नम्रता मुंदड़ा, श्रीमती रजनी ताम्रकार, श्रीमती नितनवरे मैडम, एच.आर. परमार एवं एलआईसी अभिकर्ता उदय श्रोत्रिय उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व शिक्षकों ने अपने शिक्षण काल के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व एवं शिक्षक-शिष्य संबंधों के बारे में जानकारी देते हुए विद्यालय की सराहना की। साथ ही संस्था प्रमुख द्वारा पूर्व शिक्षकों को आमंत्रित कर सम्मानित किए जाने पर आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में वर्तमान में कार्यरत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस आयोजन में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने विशेष उत्साह के साथ सहभागिता की और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन कक्ष 11वीं की छात्राएं परी जैन एवं रानी नागदा ने किया। वही आभार संस्था के एकेडमिक इंचार्ज संजीव दीक्षित द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय परिवार द्वारा पूर्व एवं वर्तमान शिक्षकों को एक मंच पर सम्मानित करने की इस पहल की उपस्थितजनों ने सराहना की।



