

अनुभाग बुदनी आज दिनांक 25.05.2026 को पुलिस अधीक्षक जिला सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना द्वारा बुदनी अनुभाग का विस्तृत भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। भ्रमण के दौरान उन्होंने सलकनपुर मंदिर, आवली घाट, बुदनी घाट एवं बाद्राभान घाट पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन,

पार्किंग व्यवस्था तथा सतत पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त घाट क्षेत्रों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु आवश्यक संसाधनों एवं सुरक्षा उपायों की समीक्षा भी की गई।भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया ने थाना रेहटी, थाना बुदनी, थाना शाहगंज एवं एसडीओपी कार्यालय बुदनी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय थानों में संधारित अभिलेख, अपराध रजिस्टर, लंबित प्रकरण, मालखाना, हवालात एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।उन्होंने थाना प्रभारियों को लंबित अपराधों एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण, फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी,

महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई तथा आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, समयबद्ध कार्यप्रणाली एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के दौरान थानों में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी ली गई तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की गई।भ्रमण के दौरान एसडीओपी बुदनी श्री रवि शर्मा, थाना प्रभारी रेहटी निरीक्षक राजेश कहारे, थाना प्रभारी शाहगंज निरीक्षक दिनेश सिंह चौहान एवं थाना प्रभारी बुदनी उपनिरीक्षक संदीप जाट उपस्थित रहे।

