निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बोले, समय पर हों आमजन के काम, न लगाना पड़े दफ्तरों चक्कर – कलेक्टर नागरिकों से करें शिष्टतापूर्ण व्यवहार, सुशासन की भावना को करें मजबूत – कलेक्टर कलेक्टर ने बुधनी एवं शाहगंज तहसील कार्यालय का किया निरीक्षण जनगणना, स्वच्छता सर्वेक्षण एवं राजस्व संबंधी कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा

सीहोर, 22 मई, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने बुधनी एवं शाहगंज तहसील कार्यालयों का निरीक्षण कर प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्य की प्रगति, स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान, राजस्व प्रकरणों के निराकरण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन का दायित्व है। आमजन को न होना पड़े परेशान – कलेक्टर निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालयों में अभिलेखों के संधारण, रिकॉर्ड व्यवस्था, नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं तथा कार्यालयीन कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा आमजन को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करें। राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, ऋण पुस्तिका सुधार, नक्शा संशोधन, अतिक्रमण संबंधी प्रकरणों तथा अन्य लंबित मामलों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व मामलों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए और

लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें तथा प्रत्येक आवेदन का निराकरण नियमानुसार और निर्धारित समय में किया जाए। रेलवे एवं नेशनल हाईवे परियोजनाओं के कार्य में तेजी लाने के निर्देश नेशनल हाईवे एवं रेलवे परियोजनाओं के लिए चल रही भू-अर्जन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों का त्वरित निराकरण किया जाए और

प्रभावित किसानों एवं हितग्राहियों से समन्वय बनाकर प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क एवं रेलवे परियोजनाएं क्षेत्र के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा इनके पूर्ण होने से नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधाएं, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इसलिए इन परियोजनाओं में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। नागरिकों के साथ करें शिष्टतापूर्ण व्यवहार – कलेक्टर कलेक्टर ने स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कार्यालय परिसरों में

साफ-सफाई, रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था, पेयजल एवं नागरिक सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखा जाए तथा आने वाले नागरिकों के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली एवं ऑनलाइन सेवाओं के अधिकतम उपयोग के निर्देश देते हुए कहा कि डिजिटल माध्यमों से कार्यों में पारदर्शिता और गति दोनों सुनिश्चित होती हैं। उन्होंने आवेदकों एवं आम नागरिकों के साथ शिष्टतापूर्ण व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने पर विशेष जोर दिया।

सुशासन की भावना को करें मजबूत – कलेक्टर

      कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्यालयीन कार्य पूर्ण करना नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर शासन एवं प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए सुशासन की भावना को मजबूत करें। निरीक्षण के दौरान बुधनी तहसीलदार श्री ललित सोनी, शाहगंज तहसीलदार श्री रमेश साहू, नायब तहसीलदार श्री रामलोचन तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top