

आष्टा। नगर पालिका परिषद की दूरगामी सोच और बेहतर प्रबंधन के कारण इस भीषण गर्मी में भी नगरवासियों को जलसंकट का सामना नहीं करना पड़ा और पूरे शहर में निर्बाध रूप से पर्याप्त जलापूर्ति की जाती रही। किंतु वर्षों पुरानी पाइप लाइन होने के कारण शहर के कई हिस्सों में यह क्षतिग्रस्त हो गई है। नागरिकों की इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका द्वारा अब पुरानी पाइप लाइन को बदलकर नवीन पाइप लाइन विस्तार कार्य शुरू कर दिया गया है। इस कार्य की शुरुआत पुराने बस स्टैंड से की गई है।

आगामी दो दिनों तक इन वार्डों में प्रभावित रहेगा जलसंकट – नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पाइप लाइन बदलने के इस महत्वपूर्ण कार्य के चलते आगामी दो दिनों तक नगर के कई हिस्सों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। उन्होंने बताया कि वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 4 और 5 संपूर्ण क्षेत्र, वार्ड क्रमांक 6 मालीपुरा क्षेत्र, वार्ड क्रमांक 9 बोराबाखल क्षेत्र, वार्ड क्रमांक 10, 11 और 12 संपूर्ण क्षेत्र, वार्ड क्रमांक 13 हाथीखाना क्षेत्र, वार्ड क्रमांक 17 बुधवारा एवं खंडेलवाल चौराहा, वार्ड क्रमांक 18 मारूपूरा एवं अस्पताल लाइन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बाधित रहेगी।

6 मई शनिवार से व्यवस्था होगी सुचारू – नपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मेवाड़ा ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा है कि विकास और सुधार के इस कार्य के दौरान नागरिकों को होने वाली अस्थायी असुविधा के लिए हमें खेद है। नवीन पाइप लाइन बिछने से भविष्य में लीकेज और गंदे पानी की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। प्रभावित क्षेत्रों में 6 मई शनिवार से जलापूर्ति पुनः नियमित और सुचारू रूप से प्रारंभ कर दी जाएगी। मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने जलापूर्ति प्रभावित क्षैत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकता अनुसार पानी का भंडारण पहले से कर लें और इस सुधार कार्य में सहयोग प्रदान करें।


